आरडीसी के लिए आठ वरिष्ठ कैडेट्स का चयन
चंबा कालेज में एनसीसी चयन प्रक्रिया, 130 कैडेट्स ने दिखाया दमखम
नगर संवाददाता-चंबा
राजकीय उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा में बुधवार को 9 हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय कैडेट कोर बटालियन डलहौजी के तत्वावधान में एनसीसी कैडेट्स के नामांकन एवं चयन की प्रक्रिया आयोजित की गई। महाविद्यालय के एनसीसी प्रभारी लेफ्टिनेंट एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर (एएनओ) एवं सहायक आचार्य राजनीति विज्ञान डा. केवल कृष्ण ने बताया कि एनसीसी की 39 सीटों के लिए आयोजित चयन प्रक्रिया में करीब 130 कैडेट्स ने उत्साह के साथ भाग लिया। चयन प्रक्रिया में शारीरिक परीक्षा, लिखित परीक्षा, ड्रिल और व्यक्तिगत साक्षात्कार सहित विभिन्न चरण शामिल रहे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद 39 कैडेट्स का चयन एवं नामांकन किया गया।
चयन प्रक्रिया में 9 हिमाचल प्रदेश एनसीसी बटालियन डलहौजी के प्रशासनिक अधिकारी कर्नल बीजेएस सिंधु, प्रशिक्षण जेसीओ राज कुमार राणा, हवलदार रवि और हवलदार संतोष शामिल रहे। इसके अलावा द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के आठ वरिष्ठ कैडेट्स के लिए आरडीसी पूर्व चयन भी किया गया। ड्रिल स्क्वायर टेस्ट (डीएसटी) के माध्यम से चार एसडी और चार एसडब्ल्यू कैडेट्स का चयन किया गया। चयनित कैडेट्स को आगामी चयन प्रक्रिया में बेहतर प्रदर्शन करने पर चंबा से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित गणतंत्र दिवस शिविर में भाग लेने का अवसर मिल सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
