भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए SLC का बड़ा ऐलान, स्टेडियम में मिलेगी फ्री एंट्री

By: Aug 8th, 2026 12:52 pm

कोलंबो। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने कहा कि श्रीलंका और भारत के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज में गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (जीआईसीएस) और सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) में ग्रास एम्बैंकमेंट्स की कुछ खास जगहों पर आम जनता के लिए प्रवेश मुफ्त होगा। एसएलसी ने मीडिया को जारी विज्ञप्ति में कहा, “श्रीलंका क्रिकेट यह बताना चाहता है कि श्रीलंका और भारत के बीच आगामी टेस्ट सीरीज के दौरान क्रिकेट प्रशंसकों के लिए प्रवेश मुफ्त होगा ताकि वह विश्व स्तरीय क्रिकेट का आनंद उठा सकें।”

इसके साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि कुछ चुनिंदा गेटों के जरिए ही मुफ्त में प्रवेश दिया जाएगा। गॉल में गेट नंबर चार से मुफ़्त में प्रवेश मिलेगा। जबकि एसएससी में गेट नंबर तीन, चार, पांच और सात से मुफ्त प्रवेश मिलेगा। पहला टेस्ट गॉल में 15 से 19 अगस्त तक और दूसरा टेस्ट कोलंबो में 23 से 27 अगस्त तक खेला जाएगा। दोनों ही मुकाबले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा हैं।

विज्ञप्ति में बताया गया, “श्रीलंका क्रिकेट देश के क्रिकेट प्रशंसकों, युवा क्रिकेटरों, परिवारों और खेल के प्रशंसकों को इस पहल का फ़ायदा उठाने और श्रीलंका और भारत के बीच अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट का आनंद उठाने के लिए आमंत्रित करता है।” एसएलसी द्वारा लिया गया यह कदम परोक्ष रूप से इसे स्वीकार करना है कि मैचों में दर्शकों की दिलचस्पी कम हो रही है, हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।

एसएलसी न्यूजीलैंड, आयरलैंड, बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी टीमों के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान भी मुफ्त प्रवेश दे चुका है। इस समय जारी लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) में भी उतने दर्शक मैच देखने नहीं आए हैं। शुरुआत में इसके लिए टिकट रखे गए थे लेकिन बाद में लोगों की दिलचस्पी जगाने के लिए मुफ़्त प्रवेश की व्यवस्था कर दी गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App