शह-मात के खेल में चमकेंगे सितारे, 120 खिलाड़ी मैदान में
एनआईटी में बिछी शतरंज की बिसात, अंडर-17 खिलाडिय़ों का महामुकाबला शुरू
कार्यालय संवाददाता – हमीरपुर
जिला हमीरपुर शतरंज संघ हमीर चेस एसोसिएशन द्वारा राज्य स्तरीय अंडर-17 की दो दिवसीय चेस प्रतियोगिता का शुभारंभ राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर में शनिवार को किया गया। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्घाटन एसपी हमीरपुर बलवीर सिंह ठाकुर के द्वारा किया गया तथा उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में विजयपाल सोहारु व एसोसिएशन के भूतपूर्व कोषाध्यक्ष अनिल चंदेल भी मौजूद रहे। एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी ने मुख्यातिथि व अन्य अथितियों का स्वागत किया और बैज पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
इसके उपरांत चेस एसोसिएशन के भूतपूर्व महासचिव संसार राणा ने हमीर चैस एसोसिएशन के प्रयासों व खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के बारे में मुख्यातिथि को अवगत करवाया। इसके बाद मुख्यातिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं का सर्वांगीण विकास करते हैं तथा उन्हें नशे से बचने के लिए खेल जरूरी है उन्होंने आज के युवाओं में मानसिक तनाव की वजह से आत्महत्या के बढ़ते हुए मामलों पर चिंता जताई और कहा खेलों के माध्यम से ही इस कम किया जा सकता है। गौरतलब रहे कि पूरे हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से 120 के लगभग लडक़े वह लड़कियां इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, जो आगामी दो दिनों में शतरंज की चालों में अपने जौहर दिखाएंगे। इस प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले दो लडक़े व लड़कियां आगामी सितंबर माह में जम्मू में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
उमड़े खिलाड़ी और अभिभावक
संगठन के अध्यक्ष सुरेश कुमार राठौर एडवोकेट ने मुख्यातिथि एसपी हमीरपुर का प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के लिए धन्यवाद किया और खिलाडिय़ों व उनके साथ आए अभिभावकों का भी इस प्रतियोगिता में आने के लिए धन्यवाद किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
