पॉलिटेक्निकल कालेज कलोल में छात्रों ने लहराया परचम
पांच लाख रुपए तक पहुंचा सालाना पैकेज, नौ नामी कंपनियों में चयन
नगर संवाददाता – शाहतलाई
राजकीय पॉलिटेक्निकल संस्थान कलोल के मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने शानदार प्लेसमेंट हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है। संस्थान के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी हासिल की है। इस वर्ष विद्यार्थियों को अधिकतम 5 लाख रुपए का वार्षिक पैकेज मिला है। संस्थान के विद्यार्थियों के चयन के लिए इस वर्ष देश की 9 प्रतिष्ठित कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए पहुंचीं। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने 3 विद्यार्थियों का चयन 5 लाख रुपए वार्षिक पैकेज पर किया। वहीं सीजी पावर ने 9 विद्यार्थियों को 4.5 लाख, सुजुकी मोटर्स ने 6 विद्यार्थियों को 3.6 लाख तथा लेमन ट्री होटल्स ने 3 विद्यार्थियों को 3.5 से 4 लाख रुपए के पैकेज पर चयनित किया। इसी तरह अल्टरनिक लिमिटेड ने 4 विद्यार्थियों को 2.9 लाख, सिकल इनोवेशन और गोदरेज इंडस्ट्रीज ने एक-एक विद्यार्थी को 3 लाखए जाइडस फार्मास्युटिकल्स ने 2 विद्यार्थियों को 2.75 लाख तथा डा. रेड्डीज लेबोरेटरीज ने 7 विद्यार्थियों को 2.5 लाख रुपए के वार्षिक पैकेज पर नौकरी दी है।
सुमित शर्मा के बोल
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी सुमित शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के सभी इच्छुक एवं पात्र अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हो चुका है।
दाखिले का आखिरी मौका
संस्थान की प्रधानाचार्या अनीता जोशी ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि संस्थान में बची हुई रिक्त सीटों के लिए केंद्रीकृत ऑफलाइन काउंसलिंग राजकीय पॉलिटेक्निक सुंदरनगर में 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित होगी। द्वितीय वर्ष में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त तथा प्रथम वर्ष में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 1 सितंबर को अपने मूल दस्तावेजों के साथ सुबह 11:30 बजे से पहले राजकीय पॉलिटेक्निक सुंदरनगर पहुंच सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
