विजिलेंस थाने में सुधीर शर्मा से पूछताछ, अढ़ाई घंटे तक सवाल-जवाब, कचहरी चौक पर उमड़े कार्यकर्ता
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-धर्मशाला
विधायक सुधीर शर्मा मंगलवार को आय से अधिक संपत्ति के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के धर्मशाला स्थित कार्यालय में जांच में शामिल हुए। यह मामला संख्या 06/2026 से जुड़ा है, जो 29 जुलाई, 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज की गई थी। विजिलेंस के नोटिस के पालन में सुधीर शर्मा मंगलवार सुबह 11:30 बजे कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नोटिस के जवाब में लिखित जवाब भी जांच अधिकारी को सौंपा। इसके बाद उनसे करीब अढ़ाई घंटे तक पूछताछ की गई। विजिलेंस के अनुसार पूछताछ के दौरान सुधीर शर्मा से कई तरह के वित्तीय और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे गए थे। इनमें शेयर और दूसरी प्रतिभूतियों की खरीद-बिक्री और उन्हें बेचने या सरेंडर करने से जुड़े रिकॉर्ड, डीमैट खाते, ब्रोकर और बैंक खातों से हुए लेन-देन की जानकारी शामिल थी। इसके अलावा जमीन और अन्य अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज तथा इनके भुगतान का बैंक रिकॉर्ड भी मांगा गया था। जांच एजेंसी ने धर्मशाला के रक्कड़ में बने सुधीर शर्मा के बहुमंजिला मकान के निर्माण को लेकर भी विस्तृत रिकॉर्ड मांगा है। इसमें मकान बनाने में हुए खर्च के बिल और वाउचर, भुगतान का विवरण, निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों के नाम और उनके पूरे पते व अन्य जानकारी, ठेकेदारों ने कितना काम किया और उन्हें कितनी रकम का भुगतान किया गया, इसकी जानकारी शामिल है।
विजिलेंस ने भुगतान की तारीख, भुगतान किस माध्यम से किया गया और उससे जुड़े बैंक रिकॉर्ड भी मांगे हैं। इसके अलावा सुधीर शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर वाहनों की खरीद और उन्हें खरीदने के लिए जुटाए गए पैसे का विवरण, निजी ऋण और अन्य लोगों को दिए गए अग्रिम, निवेश, बैंक खाते और अन्य वित्तीय संपत्तियों की जानकारी भी मांगी गई है। जांच एजेंसी ने जांच अवधि के दौरान भारत और विदेश में उनके या परिवार के संबंधित सदस्यों के नाम पर मौजूद चल और अचल संपत्तियों का पूरा विवरण भी मांगा है। विजिलेंस का कहना है कि मंगलवार को सुधीर शर्मा ने मांगे गए महत्त्वपूर्ण दस्तावेज पेश नहीं किए। उन्होंने इन दस्तावेजों को उपलब्ध करवाने के लिए जांच एजेंसी से कुछ और समय मांगा है। विधायक की पेशी के दौरान कचहरी चौक पर राजनीतिक सरगर्मी अपने चरम पर रही। बड़ी संख्या में जुटे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हाथों में काली पट्टियां बांधकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
भाजपा नेता पदाधिकारी भी पहुंचे
इस मौके पर हमीरपुर केे विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक अरुण मेहरा, पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, धर्मशाला के माहापौर शमशेर नैहरिया, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा सहित जिला भर के भाजपा कार्यकर्ता काली पटियां पहन कर धर्मशाला पहुंचे थे।
न संपति छिपाई, न लेनदेन
विधायक सुधीर शर्मा ने राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो धर्मशाला द्वारा दर्ज एफआईआर नंबर 0006/2026 के मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उनकी ओर से न तो कोई संपत्ति छिपाई गई है और न ही कोई वित्तीय लेन-देन। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 35 के तहत जारी नोटिस का विस्तृत जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी हलफनामे, राजस्व रिकॉर्ड, डीमैट और बैंक खाते पहले से ही सरकारी व सार्वजनिक डोमेन में मौजूद हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
