उड़ान की परीक्षा में दिखेगा टेलेंट, 100 अंकों का होगा पेपर
तीन केंद्रों पर होगी उड़ान की परीक्षा, 10+1 के छात्र कर सकेंगे आवेदन, सितंबर में एग्जाम
नगर संवाददाता – बंगाणा
यूनाइटेड डोनर एसोसिएशन ऑफ नोबल सोल्स (उड़ान) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण कर वर्तमान सत्र 2026-27 में 10+1 में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा 13 सितंबर 2026 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगी। जानकारी देते हुए संस्था के प्रधान मुनीश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा के लिए जिला ऊना में तीन परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंब, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बंगाणा तथा ऊना स्थित केंद्र शामिल हैं। अभ्यर्थी आवेदन के दौरान अपनी पसंद का एक परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे। 100 अंकों की होगी परीक्षा उड़ान की यह परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और कुल 100 अंकों की होगी। इसमें गणित से 50 प्रश्न सामान्य, विज्ञान से 30 प्रश्न भारतीय वैज्ञानिकों पर 5 प्रश्न, स्वतंत्रता सेनानियों पर 5 प्रश्न, श्रीमद्भगवद्गीता के सांख्य योग, श्लोक 11 से 40 पर 5 प्रश्न, रामायण के बालकांड/आदिकांड पर 5 प्रश्न पूछे जाएंगे। वैज्ञानिकों में सीवी रमन, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, होमी जहांगीर भाभा, श्रीनिवास रामानुजन और विक्रम साराभाई से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। स्वतंत्रता सेनानियों में महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, महाराणा प्रताप, वीर शिवाजी और भगत सिंह से जुड़े प्रश्न होंगे।
तीन सप्ताह के भीतर आएगा परिणाम
उड़ान के अनुसार प्रतियोगी परीक्षा का परिणाम परीक्षा आयोजित होने के तीन सप्ताह के भीतर, यानी 4 अक्तूबर 2026 को रात 8.00 बजे तक घोषित किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों से कोई आवेदन या परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा।आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को नाम, पिता का नाम, ईमेल, व्हाट्सएप नंबर, स्थायी पता, विद्यालय, दसवीं बोर्ड, दसवीं के अंक, गणित-विज्ञान के अंक तथा वर्तमान 10+1 की स्ट्रीम जैसी जानकारी देनी होगी।
85 प्रतिशत अंक वाले विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थी के दसवीं कक्षा में कम से कम 85 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों के दसवीं में गणित और विज्ञान विषयों के संयुक्त औसत अंक 85 प्रतिशत या उससे अधिक हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा के लिए आवेदन 12 अगस्त 2026 से 8 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन में दी गई जानकारी का बाद में सत्यापन भी किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार 5100 रुपये प्रतियोगिता में कुल 11 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को 5100 रुपए, द्वितीय को 4100 रुपए, तृतीय को 3100 रुपए, चौथे को 2100 रुपए और पांचवें स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को 1100 रुपए का पुरस्कार मिलेगा। इसके अतिरिक्त छह विद्यार्थियों को 500-500 रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए अभ्यर्थी को परीक्षा में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार जून 2027 में प्रस्तावित उड़ान के वार्षिक समारोह में प्रदान किए जाएंगे। बराबर अंक होने की स्थिति में दसवीं कक्षा में अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
