अकांक्षा रंजन की शादी से पहले हुआ था खूब हंगामा
मुंबई। अभिनेत्री अकांक्षा रंजन और फिल्म निर्देशक शरण शर्मा की शादी को आज एक महीना पूरा हो गया है। दोनों ने बेहद निजी समारोह में शादी की थी। शादी भले ही बेहद खूबसूरत और सुकूनभरी नजर आई हो, लेकिन अकांक्षा ने अब खुलासा किया है कि उनके खास दिन से पहले काफी हंगामा हुआ था। अकांक्षा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी शादी से ठीक पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए बताया कि आखिरी वक्त पर वेन्यू बदल गया था। इतना ही नहीं, शादी के लिए कोई टीम भी तैयार नहीं थी और शहर में आए तूफान ने भी मुश्किलें बढ़ा दी थीं। इसके बावजूद उनका शादी समारोह बेहद खूबसूरत रहा। अकांक्षा ने कहा कि लास्ट-मिनट पर वेन्यू बदल गया, कोई टीम तैयार नहीं थी, शहर में तूफान आ गयाज् और फिर भी ये दिन बिल्कुल परफेक्ट रहा। सिर्फ इसलिए क्योंकि मेरे साथ सबसे शानदार लोग थे।
अभिनेत्री ने उन सभी लोगों का आभार जताया, जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढक़र उनका साथ दिया और उनके विजन को हकीकत में बदलने में मदद की। घर को खूबसूरत सेलिब्रेशन स्थल में बदलने से लेकर भोजन, कैटरिंग और पूरे आयोजन को यादगार बनाने तक, उन्होंने अपनी टीम और करीबियों के योगदान को खास बताया। अकांक्षा के अनुसार शादी से पहले सामने आईं ये अप्रत्याशित परेशानियां बाद में उनके लिए खूबसूरत यादों में बदल गईं। आखिरी वक्त में योजनाओं में हुए बदलाव और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद परिवार और दोस्तों के प्यार और सहयोग ने उनके खास दिन को यादगार बना दिया। अकांक्षा रंजन हाल ही में ‘ग्राम चिकित्सालय’ सीजन 2 और ‘इक्का’ में नजर आई हैं। दोनों प्रोजेक्ट्स में उनके अभिनय को सराहना मिली है। अब वह अलग-अलग तरह के प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं। वह जल्द ही एक आगामी दक्षिण भारतीय प्रोजेक्ट में भी नजर आएंगी, जिसकी जानकारी फिलहाल गोपनीय रखी गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
