पट्टा बाजार में तीसरी आंख बंद, चोरों के लिए खुला मैदान

By: Aug 29th, 2026 12:49 am

बाजार में सीसीटीवी कई महीनों से बने मात्र शोपीस; बाजार में हो चुकी है चोरी, चोरी की वारदात में भी कैमरों से नहीं मिल पाई थी मदद
स्टाफ रिपोर्टर – हमीरपुर
ग्राम पंचायत पट्टा के तहत आने वाले पट्टा बाजार में पुलिस प्रशासन की तरफ से स्थापित किए गए सीसीटीवी कैमरे कई महीनों से खराब पड़े हैं। यहां मात्र पोल पर टंगे हुए सीसीटीवी सिर्फ नाम के ही हैं जबकि किसी काम नहीं आ रहे हैं। क्षेत्र में चोरी की वारदातें घटित हो चुकी हैं, उस दौरान भी इनकी मदद नहीं मिल पाई थी। टैक्सी यूनियन इस बाबत कई बार पुलिस प्रशासन व जिला प्रशासन को अवगत करवा चुकी है, लेकिन इनकी स्थिति अभी तक नहीं सुधर पाई है। यदि हालात कई महीनों तक ऐसे ही रहे तो फिर व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान उठना स्वभाविक है और आम जनता की जुबान से प्रशासनिक उदासीनता की बात सुनाई दे सकती है। क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं या दुर्घटनाओं की स्थिति में लोकेशन ट्रेस करने में मदद के मद्देनजर इन्हें यहां लगाया गया है। यहां पर कैमरे लगाए जाना भी जरूरी था क्योंकि पूर्व में भी मंदिर तथा अन्य जगहों पर चोरी की वारदातें पेश आ चुकी थी। वहीं कई सडक़ दुर्घटनाएं भी हो चुकी है।

यदि बात पट्टा पंचायत के अधिकार क्षेत्र में लगी हुई सोलर लाइटों की करें तो इन बैटरियां चोरी हो गई हैं तथा मात्र पैनल और पोल ही बचे हुए हैं। पट्टा बाजार में साथ लगते दर्जनों गांवों के लोग खरीददारी के लिए पहुंचते हैं तथा बाजार में काफी संख्या में दुकानें संचालित हैं। पहले बाजार छोटा हुआ करता था, लेकिन अब इसका काफी विस्तार हुआ है जिस वजह से सुरक्षा के प्रबंध पुख्ता होना जरूरी हैं। बता दें कुछ दिन पूर्व बाजार में ही दिनेश कुमार की दुकान में चोरी की वारदात को चुकी है। चोर दुकान के अंदर से हजारों का कैश और लाखों का कैमरा लेकर फरार हो गए थे। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो टैक्सी यूनियन के सीसीटीवी कैमरों से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया गया। यदि पुलिस प्रशासन के अपने कैमरे सही होते तो जरूर चोर इसकी रेंज में आ गए होते। इन कैमरों की रेंज दोनों तरफ काफी दूर तक है जिस कारण बाजार में होने वाली गतिविधि इनमें रिकार्ड हो जाती है।

दुरुस्त करने की मांग

स्थानीय लोगों राजकुमार, संजय कुमार, विजय कुमार, अश्वनी कुमार, कुलदीप सिंह, मनोज कुमार, विरेंद्र कुमार, विनय कुमार, मनोज कुमार आदि ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि कैमरों की जल्द मरम्मत करवाकर इनकी सेवाओं को बहाल किया जाए।

कैमरे बंद, सुरक्षा खतरे में

पिछले लंबे समय से यह सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं, यदि किसी मामले में इनकी सहायता लेने की आवश्यकता पड़ जाए तो नहीं मिल पाएगी। ऐसे में इनका सही ढंग से संचालन होना बहुत जरूरी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App