सेब सीजन में दुआड़ा चौक पर बढ़ा यातायात दबाव
सेब सीजन में पांच सडक़ों के संगम पर एनएच पार करना बना जान जोखिम में डालने जैसा, पैदल ओवरफ्लाई की मांग तेज
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
सेब सीजन के जोर पकड़ते ही कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ गया है। घाटी से सेब की पेटियां मंडियों की ओर पहुंचाने वाले मालवाहक वाहनों के साथ पर्यटन वाहनों की आवाजाही बढऩे से दुआड़ा चौक पर स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई है। पांच प्रमुख सडक़ों के आपस में जुडऩे वाले इस चौक पर स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पार करना अब किसी जोखिम से कम नहीं है। ऐसे में दुआड़ा चौक पर पैदल यात्रियों के लिए ओवरफ्लाई मार्ग यानी फुट ओवर ब्रिज बनाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुआड़ा चौक की स्थिति सामान्य चौराहों से अलग है। यहां पांच दिशाओं से सडक़ें आकर मिलती हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनभर तेज रफ्तार वाहनों का दबाव बना रहता है। सेब सीजन में यह दबाव कई गुना बढ़ जाता है। सेब से लदे ट्रक, पिकअप और अन्य मालवाहक वाहनों के साथ पर्यटक वाहन और निजी गाडिय़ों की लगातार आवाजाही के बीच पैदल राहगीरों के लिए सडक़ पार करना बेहद मुश्किल हो जाता है। कई बार सडक़ पार करने के लिए लोगों को काफी देर तक वाहनों के बीच सुरक्षित जगह मिलने का इंतजार करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने 15 मील और कटराईं में पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए ओवरफ्लाई मार्ग बनाए हैंए तो दुआड़ा चौक को इस सुविधा से क्यों वंचित रखा गया है। पांच सडक़ों के कारण यहां पैदल और वाहनों की आवाजाही एक साथ होती है। ऐसे में सडक़ पर पैदल क्रॉसिंग की व्यवस्था होने के बावजूद भारी यातायात के बीच राहगीरों के लिए इसे पार करना सुरक्षित विकल्प नहीं माना जा सकता। लोगों का कहना है कि एनएचएआई की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे में पैदल यात्रियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका तर्क है कि 15 मील और कटराईं में यदि ओवरफ्लाई पैदल मार्ग बनाया जा सकता है तो दुआड़ा चौक पर भी इसकी आवश्यकता का तकनीकी आकलन किया जाना चाहिए। सेब सीजन के दौरान दुआड़ा चौक पर वाहनों की संख्या बढऩे से स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। सेब क्षेत्रवासियों ने एनएचएआई, जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि दुआड़ा चौक का तकनीकी सर्वेक्षण करवाकर यहां फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। जनता लाभान्वित होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
