तहबाजारियों पर कार्रवाई पर फिर हंगामा
महिला ने एमसी की गाड़ी के नीचे लेटकर किया विरोध, पुलिस ने हटाया, दो तहबाजारियों का सामान किया जब्त
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी शिमला में नगर निगम इन दिनों हाई कोर्ट के आदेशों पर नॉन वेडिंग जोन से अवैध तहबाजारियों को हटा रहे हैं। वहीं लगातार तहबाजारी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं। मंगलवार को भी जब नगर निगम की टीम लक्कड़ बाजार की ओर अपनी गाड़ी लेकर कार्रवाई करने निकले तो अचानक एक महिला गाड़ी के नीचे घूस गई और हंगामा करने लगी। यहां तक की जब कर्मचारियों ने उस तहबाजारी महिला को हटने को कहा तो महिला रोने लगी और कहने लगी की मुझे मार दो। रोजी रोटी तो नहीं चला पा रहे हैं ऐसे में मरना अच्छा है।
ऐसे में नगर निगम के साथ गए पुलिस के जवानों ने उस महिला को बाहर निकाला। इस पर अन्य तहबाजारी नगर निगम की टीम के साथ गाली-गलौज करने लगे। इस पर नगर निगम की टीम ने पुलिस को इन तहबाजारियों की शिकायत दी। नगर निगम की टीम का कहना है कि जब भी हम लक्कड़ बाजार के नॉन वेडिंग जोन से तहबाजारियों को हटाने जाते हैं तो हर बार यह महिला हंगामा करती है। मंगलवार को भी यह गाड़ी के नीचे घूस गई और हंगामा करने लगी। वहीं इस दौरान नगर निगम की टीम ने 2 तहबाजारियों का सामान जब्त किया है। नगर निगम ने सभी तहबाजारियों से आग्रह किया है कि जो स्थान उन्हें चिन्हित किए हैं उसी स्थान पर शिफ्ट हो जाएं। वहीं मंगलवार को भी नगर निगम की टीम ने तहबाजारियों को कहा कि वह कार्रवाई हाई कोर्ट के आदेशों पर कर रहे हैं। इसलिए पुलिस के जवान भी साथ हैं। ऐसे में जो भी कार्रवाई को रोकने की कोशिश करेगा उसकी शिकायत पुलिस को दी जाएगी। नगर निगम की टीम ने बताया कि अधिकतर लोग गाली-गलौज और हाथापाई करने में उतारू हो जाते हैं। जबकि इन्हेंं पहले ही चेतावनी दी गई है कि वह चिन्हित स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं। वहीं नगर निगम ने हाल ही में इन्हें 15 दिन का समय शिफ्ट होने को दिया है। वहीं यदि तय समय पर यह शिफ्ट नहीं होते हैं तो इनके लाइसेंस रद्द किए जा सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
