पांच किमी पैदल चले एक्सईएन, लौटी खेतों की हरियाली

By: Aug 29th, 2026 12:51 am

सिंचाई योजनाएं बहाल होने से सब्जियों व फलों का रिकॉर्ड उत्पादन, चार करोड़ का कारोबार
स्टाफ रिपोर्टर-चौपाल, नेरवा
उपमंडल कुपवी में जल शक्ति विभाग मंडल नेरवा ने दुर्गम क्षेत्रों में बंद पड़ी सिंचाई और पेयजल योजनाओं को बहाल कर ग्रामीणों को राहत दी है। अधिशाषी अभियंता रजनीश वर्मा ने विभागीय टीम के साथ नोरा बोरा, हीड़ा भलवान, कुलग, मंझोली और कांडा बनाह जैसी दुर्गम पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने करीब पांच किलोमीटर पैदल सफर तय कर मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और लंबे समय से बंद पड़ी सिंचाई लाइनों को तुरंत चालू करने के निर्देश दिए। विभाग की कार्रवाई का सीधा असर कृषि उत्पादन पर दिखाई दे रहा है। ग्राम पंचायत चड़ोली में सिंचाई व्यवस्था सुचारु होने के बाद किसानों और बागवानों ने इस सीजन गोभी, लहसुन, मटर सहित विभिन्न फलों का रिकॉर्ड उत्पादन किया। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार इस बंपर पैदावार से क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।

पंचायत प्रधान राहुल समटा सहित ग्रामीणों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सिंचाई सुविधा बहाल होने से किसानों की आय बढऩे के साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। विकास कार्यों की समीक्षा के लिए एक्सईएन ने कुपवी में ठेकेदारों के साथ बैठक की। उन्होंने पोस्ट-डिजास्टर नीड्स असेसमेंट (पीडीएनए) के तहत स्वीकृत चार करोड़ रुपये के विकास कार्यों को अगले दो माह में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने को कहा। भविष्य में पानी की समस्या दूर करने के लिए चड़ोली पंचायत में 30 लाख रुपये की लागत से नए पानी के टैंक और 8-10 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने की योजना भी प्रस्तावित की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App