दुष्कर्म मामले में ब्रिटिश रैपर यंग फिली पर फिर चलेगा केस

By: Aug 21st, 2026 1:22 pm

पर्थ। ब्रिटिश रैपर यंग फिली पर ऑस्ट्रेलिया में दुष्कर्म के तीन आरोपों को लेकर दोबारा मुकदमा चलेगा। एक निर्णायक मंडल (जूरी) ने यौन उत्पीडऩ के कई आरोपों में उन्हें बरी कर दिया लेकिन अन्य आरोपों पर फैसला नहीं दे सकी। यूट्यूबर यंग फिली का वास्तविक नाम एंड्रेस फेलिपे वालेंसिया बैरिएंटोस है। उन पर 2024 में पर्थ के एक नाइट क्लब में प्रस्तुति देने के बाद एक प्रशंसक के साथ बार-बार दुष्कर्म और मारपीट करने के आरोप लगाए गए थे। फिली ने हालांकि सभी 10 आरोपों से इनकार किया था।

पिछले महीने जूरी ने उन्हें दुष्कर्म के तीन आरोपों में दोषी नहीं पाया। उन्हें मारपीट के एक और गला दबाने के एक आरोप से भी बरी कर दिया गया। हालांकि, उन्हें मारपीट के दो अन्य मामलों में दोषी करार दिया गया, जिनमें सजा उनके दोबारा मुकदमे के बाद सुनाई जाएगी। गौरतलब है कि जब फिली ऑस्ट्रेलिया में दौरे पर थे, जब उन पर 20 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीडऩ करने का आरोप लगा। आरोप के अनुसार, पर्थ के तटीय उपनगर हिलेरीज में प्रस्तुति देने के बाद होटल के कमरे में उन्होंने महिला का यौन उत्पीडऩ किया।

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की एक अदालत में सुनवाई के दौरान बताया गया कि 31 वर्षीय सोशल मीडिया स्टार ने होटल के कमरे में महिला के साथ सहमति से यौन संबंध बनाए थे। इसके बाद महिला ने आरोप लगाया कि फिली हिंसक हो गए और उसने महिला की अपील को नजरअंदाज किया। बैरिएंटोस अगली बार 27 अगस्त को जमानत की शर्तों में बदलाव के लिए आवेदन पर सुनवाई के लिए अदालत में पेश होंगे। दोबारा मुकदमे की तारीख अभी मुकर्रर नहीं की गयी है। दोनों मारपीट के मामलों में दोषी पाए जाने के बावजूद उन्हें दोबारा मुकदमे के बाद ही सजा सुनाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App