दो अक्तूबर को यूपीआई पेमेंट नहीं
पेमेंट पर चार्ज लगाने के प्रस्ताव के विरोध में जोगिंद्रनगर व्यापार मंडल का फैसला
कार्यालय संवाददाता, जोगिंद्रनगर
केंद्र सरकार द्वारा 15 अक्तूबर से यूपीआई पेमेंट पर चार्ज लगाने के प्रस्ताव के विरोध में व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर ने बड़ा निर्णय लिया है। व्यापार मंडल के आह्वान पर आगामी 2 अक्तूूबर को जोगिंदर नगर के व्यापारी यूपीआई के माध्यम से कोई भी पेमेंट स्वीकार नहीं करेंगे। व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के प्रधान भास्कर गुप्ता ने बताया कि यह निर्णय मंडी जिला व्यापार मंडल के आह्वान पर लिया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यूपीआई पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव व्यापारियों पर सीधा आर्थिक बोझ डालेगा।
भास्कर गुप्ता ने कहा कि 2 अक्तू बर को सांकेतिक विरोध के रूप में शहर के सभी दुकानदार, शोरूम संचालक व रेहड़ी-फड़ी व्यापारी यूपीआई से लेन-देन बंद रखेंगे। इस दिन उपभोक्ता नकद भुगतान अथवा सीधे बैंक ट्रांसफर के माध्यम से खरीदारी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यू.पी.आई. ने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा दिया है और आम दुकानदार ने इसे अपनाकर कैशलेस व्यवस्था को मजबूत किया है। ऐसे में अब उसी पर चार्ज लगाना व्यापारियों के साथ अन्याय होगा। छोटे मार्जिन पर काम करने वाले दुकानदारों के लिए यह अतिरिक्त खर्च वहन करना मुश्किल होगा। प्रधान ने केंद्र सरकार से इस प्रस्ताव पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया तो व्यापार मंडल आंदोलन को और तेज करेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
