हमीरपुर में 11.25 करोड़ बहा ले गई भारी बारिश

By: Sep 2nd, 2026 12:02 am

इस सीजन में जिला में हुए नुकसान का आंकड़ा 71.26 करोड़ से भी अधिक

दिव्य हिमाचल ब्यूरो – हमीरपुर
जिला हमीरपुर के अधिकांश क्षेत्रों में पिछले दो दिनों के दौरान हुई भारी बारिश से 11.25 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अनुमान है। इसी के साथ इस मॉनसून सीजन में 30 जून के बाद जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुक्सान का आंकड़ा 71.26 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला एमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) में मंगलवार दोपहर तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार गत 24 घंटों के दौरान जिले भर से 11.25 करोड़ से अधिक के नुकसान का अनुमान है।

इस दौरान एक कच्चा मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है और 2 गौशालाएं ध्वस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग को लगभग 10 करोड़ रुपए, जल शक्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं को 1.24 करोड़ रुपए और बिजली की लाइनों का भी लगभग एक लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। इस मॉनसून सीजन में 30 जून के बाद जिला हमीरपुर में सरकारी और निजी संपत्ति के नुकसान का आंकड़ा 71.26 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। इस सीजन में अभी तक लोक निर्माण विभाग को सर्वाधिक 45.33 करोड़ का नुकसान हुआ है, जबकि जलशक्ति विभाग को 23.42 करोड़ , बिजली बोर्ड को 1.13 करोड़, नेशनल हाईवे को 50.22 लाख और शिक्षा विभाग को 17.70 लाख रुपए की क्षति हुई है। बागबानी की फसलों को 43.56 लाख रुपए के नुकसान की रिपोर्टें भी प्राप्त हुई हैं। एक पंचायत घर के गिरने से लगभग 3.50 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। 2 किचन शैड गिरने से लगभग 65 हजार रुपए की क्षति हुई है। एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि राजस्व विभाग सहित सभी विभागों के फील्ड अधिकारियों एवं कर्मचारियों नुक्सान की रिपोर्ट तुरंत प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रभावितों की तुरंत मदद की
जा सके।

एक पक्का-छह कच्चे मकान ध्वस्त

इस सीजन में एक पक्का मकान और 6 कच्चे मकान ध्वस्त होने से लगभग 14.45 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। इसी दौरान 28 अन्य कच्चे मकानों और 5 पक्के मकानों को आंशिक रूप से क्षति पहुंची है, जिससे लगभग 15.07 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। 4 डंगे गिरे हैं, जिनमें लगभग 2.40 लाख रुपए की क्षति हुई है। 32 गोशालाओं के ध्वस्त होने से लगभग 8.85 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App