41 लाख हाउस टैक्स फंसा; एक करोड़ का किराया भी बाकी, नगर परिषद का चढ़ा पारा
सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
नगर परिषद सुजानपुर ने लंबे समय से हाउस टैक्स और दुकानों के किराए की अदायगी न करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर परिषद के तहत आने वाले नौ वार्डों में गृहकर के रूप में करीब 41 लाख रुपए की राशि फंसी हुई है। परिषद के रिकॉर्ड के अनुसार कुल 2513 गृह करदाता हैं, जिनमें से 35 करदाताओं को नोटिस जारी कर बकाया गृहकर जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं। नगर परिषद अब केवल नोटिस तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि बकाया राशि की वसूली के लिए आगामी दिनों में और कड़े कदम उठाने की तैयारी में है। सबसे अहम बात यह है कि बकाया भुगतान को लेकर नगर परिषद ने 16 बिजली कनेक्शन काटने के लिए बिजली बोर्ड को सिफारिश भी भेजी है। इससे साफ है कि परिषद अब बकायेदारों को बार-बार समय देने के बजाय नियमानुसार कार्रवाई करने के मूड में है।
परिषद की इस कार्रवाई के बाद उन लोगों में भी हलचल बढ़ गई है, जिनके ऊपर लंबे समय से गृहकर की राशि बकाया चली आ रही है। हाउस टैक्स के साथ-साथ नगर परिषद की अपनी दुकानों से किराया वसूलना भी परिषद के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। नगर परिषद की 132 दुकानों का करीब एक करोड़ रुपए किराया बकाया बताया गया है। किराया जमा न करवाने वाले 24 दुकानदारों को भी नोटिस जारी किए गए हैं। परिषद ने बकाया किराया जमा करवाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। नगर परिषद अधिकारी ईओ हर्षित शर्मा ने बताया कि परिषद का काफी पैसा बकाया है, जिस कारण विकास कार्यों में बाधा आ रही है। उन्होंने कहा कि बकाया राशि की वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें समय पर बकाया राशि जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
