शिमला में 65 प्रतिशत जनगणना कार्य हुआ पूरा

By: Sep 17th, 2026 12:01 am

25 सितंबर तक लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद, 5.01 लाख लोगों और 1.24 लाख परिवारों की हो चुकी कवरेज

कार्यालय संवाददाता-शिमला
जनगणना-2027 के दूसरे चरण में शिमला जिले में करीब 65 फीसदी आबादी और परिवारों का कवरेज पूरा हो चुका है। 15 सितंबर की शाम तक जिले की 5,00,621 आबादी और 1,24,343 परिवारों की जनगणना पूरी की जा चुकी है। जिला प्रशासन ने मौजूदा रफ्तार के आधार पर 25 सितंबर तक निर्धारित लक्ष्य पूरा होने की उम्मीद जताई है। बुधवार को जनगणना कार्य की प्रगति को लेकर जिला स्तरीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक बिस्वजीत दास ने की।

उन्होंने अधिकारियों और फील्ड स्टाफ के प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने बैठक में जनगणना के दूसरे चरण की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिमला जिले की कुल 7,68,664 आबादी में से 15 सितंबर तक 5,00,621 व्यक्तियों का कवरेज पूरा हो चुका है। इसी तरह जिले के कुल 1,90,946 परिवारों में से 1,24,343 परिवारों की जनगणना पूरी की जा चुकी है। उपायुक्त ने बताया कि फील्ड स्तर पर सामने आ रही समस्याओं और चुनौतियों का संबंधित अधिकारियों के माध्यम से त्वरित समाधान किया जा रहा है।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में निदेशक जनगणना हिमाचल प्रदेश दीपशिखा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, एडीएम प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, जिला राजस्व अधिकारी शिवानी भारद्वाज सहित विभिन्न उपमंडलाधिकारी, तहसीलदार और जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App