केहल-समलेऊ सडक़ पर दरकी पहाड़ी, ट्रैफिक ठप
दाल के पास मलबे ने रोकी गांवों की राह, दो घंटे तक थमी रही गाडिय़ों की रफ्तार
स्टाफ रिपोर्टर-बनीखेत
उपमंडल भटियात की ग्राम पंचायत सुदली में बुधवार को पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण केहल-समलेऊ संपर्क मार्ग दाल गांव के पास करीब दो घंटे अवरुद्ध रहा। सडक़ बंद होने से समलेउ, चुहल, मिहनू, गढ़, टरवाड़, दाल और कटटल सहित आसपास के गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे दाल गांव के पास अचानक पहाड़ी से मलबा सडक़ पर आ गिरा।
इससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई। स्थानीय लोगों सुनील कुमार, मान सिंह, नरेश कुमार, बिशन दास और महेषु राम ने बताया कि आसपास के गांवों के लोग इसी मार्ग से बनीखेत और नैनीखड्ड में कामकाज के लिए आते-जाते हैं। ऐसे में सडक़ बंद होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। सडक़ बंद होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन मौके पर भेजी और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। विभागीय कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया।
क्या बोले सहायक अभियंता
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही मार्ग बहाली के लिए जेसीबी लगा दी गई थी। मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
