Abhinandan Varthaman : पाकिस्तानी जेट गिराने वाले अभिनंदन ने छोड़ी एयरफोर्स, अब उड़ाएंगे यात्री विमान
बालाकोट स्ट्राइक के दौरान 60 घंटे पाक की कैद में रहे, अब उड़ाएंगे यात्री विमान
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
बालाकोट एयरस्ट्राइक के दौरान 60 घंटे पाकिस्तान की कैद में रहे पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने एयरफोर्स से रिटायरमेंट ले लिया है। उन्होंने गोवा की प्राइवेट एयरलाइन फ्लाई-91 ज्वाइन कर ली है। उनका सामान्य रिटायरमेंट 2037 में होना था, जब वह 54 वर्ष के होते। एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने 31 मार्च, 2026 को वायुसेना छोड़ी और अगस्त में प्राइवेट एयरलाइन ज्वाइन की थी। करीब दो दशक की सर्विस के बाद अब वह कॉमर्शियल यात्री विमान के पायलट होंगे। अभिनंदन वायुसेना में मिग-21 फाइटर उड़ाते थे।
27 फरवरी 2019 को पाकिस्तानी के एफ-16 लड़ाकू विमान को मार गिराने के दौरान उनका विमान मिसाइल की चपेट में आ गया था। जेट से इजेक्ट होकर वे पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में उतरे थे। पीओके में पाकिस्तानी फौज ने उन्हें पकड़ लिया था। भारत के जबरदस्त दबाव के चलते करीब 60 घंटे बाद, पहली मार्च, 2019 को अटारी बॉर्डर के जरिए उनकी वापसी हुई थी। 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया था।
इसमें कुछ भी असामान्य नहीं
एविएशन एक्सपर्ट अनंत सेठी कहते हैं कि ग्रुप कैप्टन की रैंक के आसपास एयरफोर्स से अपनी इच्छा से रिटायरमेंट लेकर कॉमर्शियल फ्लाइंग में आना असामान्य बात नहीं है। ग्रुप कैप्टन की रैंक पर मेडिकल फिटनेस टेस्ट होते हैं और अगर इसमें किसी कमी के चलते उनका आगे प्रोमोशन नहीं हो पा रहा, तो वे रिटायरमेंट ले सकते हैं। इसके अलावा कॉमर्शियल पायलेट को करीब तीन से चार गुना ज्यादा पैसा मिलता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
