मणिमहेश यात्रा पर रोक, डल झील-गौरीकुंड और सुंदरासी में बर्फबारी के चलते प्रशासन का फैसला

By: Sep 17th, 2026 11:13 am

दीपक शर्मा—चंबा

पवित्र श्री मणिमहेश कैलाश यात्रा के पैदल मार्ग पर डल झील और गौरीकुंड क्षेत्र में जारी बर्फबारी तथा प्रतिकूल मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। जानकारी के अनुसार मणिमहेश डल झील और गौरीकुंड क्षेत्र में करीब 3 इंच तक ताजा बर्फबारी दर्ज हुई है, वहीं सुंदरासी सेक्टर में भी रुक-रुक कर हिमपात जारी है। तापमान शून्य से नीचे जाने और मार्गों पर फिसलन बढऩे के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में यात्रा करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।

श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील

प्रशासन ने विभिन्न पड़ावों पर मौजूद श्रद्धालुओं से अपील की है कि मौसम खराब रहने तक वे आगे न बढ़ें और निकटतम सुरक्षित शेल्टर या कैंप में ही ठहरें। यात्रा बहाली की आधिकारिक सूचना मिलने के बाद ही आगे बढऩे को कहा गया है।

मौसम सुधरने के बाद होगा मार्ग का निरीक्षण

भरमौर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मौसम में सुधार होने और यात्रा मार्ग का सुरक्षा निरीक्षण किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दलों के निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक जोखिम न उठाने की अपील की है।

सुरक्षा के लिए इन बातों का रखें ध्यान

  • खराब मौसम में आगे बढऩे का जोखिम न उठाएं।
  • सुरक्षित शेल्टर या कैंप में ही ठहरें।
  • पर्याप्त ऊनी कपड़े, विंडप्रूफ जैकेट और रेनकोट साथ रखें।
  • ग्रिप वाले मजबूत जूते पहनें।
  • बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखें।
  • सांस या अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी वाले यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
  • फिसलन भरे और संकरे रास्तों पर अकेले न चलें।
  • यात्रा से संबंधित केवल भरमौर प्रशासन की आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App