बल्लेबाजी की कमजोरियां दूर करना लक्ष्य, महिला एशिया कप में आज हांगकांग से होगा भारत का मुकाबला

By: Sep 3rd, 2026 12:06 am

एजेंसियां— दुबई

पहले मैच में थाईलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने के बावजूद बल्लेबाजी भारत के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। टीम महिला टी-20 एशिया कप में पाकिस्तान से भिडऩे से पहले हांगकांग के खिलाफ गुरुवार को होने वाले मैच में अपनी कमजोरियां दूर करने की कोशिश करेगी। वनडे प्रारूप में चार और टी-20 में तीन एशिया कप खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के बल्लेबाज थाईलैंड के खिलाफ मैच में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। टीम ने अच्छी शुरुआत करने के बावजूद अंतिम सात विकेट 29 रन के अंदर गंवा दिए थे। इससे हालांकि मैच के परिणाम पर कोई असर नहीं पड़ा क्योंकि भारत ने थाईलैंड को 94 रन से आसानी से हरा दिया। इस मैच में बड़ी जीत के बावजूद भारतीय टीम प्रबंधन सहज नहीं हो सकता क्योंकि किसी बड़ी टीम के खिलाफ इस तरह का प्रदर्शन महंगा पड़ सकता है। भारत को हांगकांग के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इसलिए वह इस मैच में बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध होगा। मंधाना और प्रतिका रावल को अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने की जरूरत है। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी अपने फॉर्म और सबसे छोटे प्रारूप में अपने भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए बड़ी पारी खेलना चाहेंगी। एशिया कप के बाद भारतीय टीम जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भाग लेगी। उससे पहले टीम को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दूसरी ओर हांगकांग को टूर्नामेंट के पहले मैच में थाईलैंड से छह रन से हार का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके भारत को उसकी तेज गेंदबाज मरीना लैम्प्लो से सतर्क रहना होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App