सोलन में आशा कार्यकर्ताओं ने उठाईं लंबित मांगें
800 कार्यकर्ताओं की बैठक में कठिन क्षेत्रों के लिए इंसेंटिव, मोबाइल भत्ता और समय पर मानदेय जारी करने की मांग
निजी संवाददाता-सोलन
जिला सोलन आशा कार्यकर्ता संघ की बैठक रविवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सह प्रभारी देवराज ने की, जिसमें करीब 800 आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा की गई। संघ ने सभी मांगों को शामिल कर मांग पत्र तैयार करने और इसे जल्द सीएमओ सोलन को सौंपने का निर्णय लिया। प्रदेश अध्यक्ष अनीता कुमारी ने बताया कि कठिन भौगोलिक क्षेत्रों में सेवाएं देने वाली आशा कार्यकर्ताओं को आने-जाने में होने वाली परेशानी को देखते हुए उचित प्रोत्साहन राशि दी जाए। आयुष्मान कार्ड बनाने के साथ परिवार के सदस्यों को योजना से जोडऩे की सुविधा देने तथा टीबी अभियान में सीएचओ की तर्ज पर आशा कार्यकर्ताओं को भी इंसेंटिव देने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऑनलाइन कार्य शुरू करवाने से पहले पूरा प्रशिक्षण दिया जाए। इसके लिए पर्याप्त स्टोरेज क्षमता वाले मोबाइल फोन और 400 रुपये मासिक मोबाइल भत्ता उपलब्ध करवाने की मांग की गई। साथ ही इंसेंटिव हर माह की 10 तारीख तक जारी करने की मांग रखी गई।
संघ ने सब-सेंटर और पीएचसी स्तर पर सफाई सहित अन्य अतिरिक्त कार्य करवाने का विरोध करते हुए इन्हें बंद करने की मांग की। इसके अलावा प्रतिवर्ष ड्रेस, दवा और जूता भत्ता देने तथा स्वास्थ्य शिविरों और एक्स-रे कैंप में किए जाने वाले कार्य के लिए अलग इंसेंटिव देने की मांग भी उठाई गई। दूसरे राज्यों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में होने वाली डिलीवरी का इंसेंटिव संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को देने की मांग भी रखी गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। संघ ने कहा कि सभी मांगों वाला मांग पत्र जल्द सीएमओ सोलन को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
