जगह-जगह से उखडऩे लगी बस्सी-तताहर सडक़
भरेड़ी बाजार में पेवर ब्लॉक के लिए छोड़ी जगह पर महीनों से काम अधूरा, नालियां और तीन पुलों का निर्माण भी लटका
निजी संवाददाता – भोरंज
बस्सी से तताहर को जोडऩे वाली सडक़ के निर्माण कार्य को शुरू हुए करीब एक वर्ष का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक सडक़ का काम पूरी तरह सिरे नहीं चढ़ पाया है। सडक़ निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर स्थानीय लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग के ठेकेदार की ओर से लगातार काम करने के बजाय जगह-जगह काम को छोडक़र आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे सडक़ का निर्माण कार्य लंबा खिंचता जा रहा है। भरेड़ी बाजार में सडक़ के किनारे पेवर ब्लॉक लगाने के लिए जगह छोड़ी गई है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी यहां पेवर ब्लॉक और सीमेंट का कार्य पूरा नहीं किया गया है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में परेशानी हो रही है।
बाजार में वाहनों की आवाजाही अधिक होने के कारण अधूरी पड़ी जगह दुर्घटना का कारण भी बन सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पेवर ब्लॉक लगाने का काम समय पर पूरा कर दिया जाता, तो बाजार की स्थिति बेहतर होती, लेकिन काम अधूरा रहने से सडक़ का इस्तेमाल करने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार सडक़ के साथ बनाई जाने वाली नालियों का काम भी कई स्थानों पर अधूरा पड़ा है। बरसात के दौरान पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सडक़ को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग अनुभाग भरेड़ी के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि भरेड़ी बाजार में एक-दो दिन में सीमेंट का बजरा डाल दिया जाएगा। इसके बाद पेवर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
