50 साल के इंतजार के बाद सुजानपुर में बन रहा बस स्टैंड
नगर संवाददाता – सुजानपुर
हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक कस्बे सुजानपुर में लगभग 50 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण संभव हो पा रहा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशों के अनुसार आजकल इस नए बस स्टैंड का कार्य काफी तेजी से चल रहा है। हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े मैदान, ऐतिहासिक किलों एवं मंदिरों और सैनिक स्कूल के कारण देश भर में प्रसिद्ध सुजानपुर कस्बे में कई दशकों से बस स्टैंड की जरुरत महसूस की जा रही थी, क्योंकि यहां से सिर्फ जिला हमीरपुर ही नहीं, बल्कि जिला कांगड़ा के जयसिंहपुर, धीरा, नगरोटा, पालमपुर, बैजनाथ और मंडी जिले के जोगिंद्रनगर एवं धर्मपुर उपमंडल के कई इलाकों के लिए भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में अंतर्राज्यीय एवं लोकल बसों की आवाजाही होती है।
इसके बावजूद यहां बस स्टैंड के निर्माण स्थल को लेकर सहमति नहीं बन पाई और इस महत्वपूर्ण कस्बे में कई दशकों से अस्थायी बस स्टैंड से ही बसों की आवाजाही संचालित होती रही। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लगभग पौने चार वर्ष पहले जब प्रदेश की कमान संभाली तो उन्होंने अधिकारियों को सुजानपुर में बस स्टैंड के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार व्यापक चर्चाओं के बाद सुजानपुर में डोली नामक स्थान पर बस स्टैंड के निर्माण का निर्णय लिया गया।
जल्द दिखेगा भव्य अंतरराज्यीय बस स्टैंड
इसके निर्माण पर सहमति बनने के बाद मुख्यमंत्री ने 12 मार्च 2025 को सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के शुभारंभ के दिन ही इस बस स्टैंड का शिलान्यास भी कर दिया। आजकल इस बहुप्रतिक्षित बस स्टैंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है, जिस पर लगभग 5.45 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। अब वह दिन दूर नहीं हैं, जब सुजानपुर में एक सुंदर अंतरराज्यीय बस स्टैंड बनकर तैयार हो जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
