पुलिस नाके उड़ाकर कई गाडिय़ों को कुचल कार चालक फरार, पंडोगा से पंजाब की ओर निकला
गगरेट में पुलिस के सामने फिल्मी अंदाज में भगाई कार; पीछा करती रह गई पुलिस
स्टाफ रिपोर्टर — गगरेट
गगरेट कस्बे में शनिवार को एक संदिग्ध कार चालक पुलिस नाकों को धता बताते हुए कई वाहनों को टक्कर मारकर पुलिस की आंखों के सामने से फरार हो गया। पुलिस ने कार का पीछा भी किया, लेकिन चालक पंडोगा तक पुलिस को चकमा देने के बाद कार को पंजाब की ओर ले जाने में कामयाब रहा। घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर कार में ऐसा क्या था, जिसे पुलिस से बचाने के लिए चालक ने अपनी और दूसरों की जिंदगी तक दांव पर लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और संदिग्ध कार की तलाश शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार शनिवार को यातायात पुलिस ने गगरेट-होशियारपुर सडक़ पर आशादेवी के समीप नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान होशियारपुर की तरफ से एक अप्लाइड फार नंबर वाली ब्रेजा कार वहां पहुंची।
पुलिस कर्मियों ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय नाका तोड़ दिया और कार को तेज गति से गगरेट की ओर भगा ले गया यातायात पुलिस ने तत्काल इसकी सूचना गगरेट चौक पर तैनात यातायात कर्मियों को दी। जैसे ही कार गगरेट चौक पर पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने यहां भी पुलिस के निर्देशों की परवाह नहीं की। उसने सडक़ पर खड़े वाहनों को टक्कर मारते हुए कार को ऊना की तरफ दौड़ा दिया। ऊना रोड पर चिकन शॉप के समीप चालक ने एक बस को भी टक्कर मार दी। इसके बावजूद उसने कार नहीं रोकी और तेज गति से ऊना की ओर निकल गया। गगरेट पुलिस ने बड़ोह में भी नाका लगाया हुआ था। कार के वहां पहुंचने की सूचना नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों को दी गई। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बड़ोह नाके को भी धता बताते हुए कार दौड़ा दी। इसके बाद पुलिस ने अपने वाहन से कार का पीछा शुरू किया। पुलिस वाहन पंडोगा तक कार का पीछा करता रहा, लेकिन चालक पुलिस को चकमा देने में कामयाब रहा। वह पंडोगा से होता हुआ कार को पंजाब की ओर ले गया। इस पूरी घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या कार में कोई संदिग्ध सामान था या चालक किसी अन्य मामले में पुलिस से बचना चाह रहा था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
