ऊना में कांग्रेस की रैली, विरोध-प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ शहर में की जोरदार नारेबाजी, पुतला फूंक कर तुरंत मांगा इस्तीफा
नगर संवाददाता-ऊना
मतदाता सूचियों में कथित अनि यमितताओं और मताधिकार के मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष देशराज गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ता सर्किट हाउस में जुटे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस से उपायुक्त कार्यालय तक आक्रोश रैली निकाली। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला भी फूंका गया और उनके इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। जिलाध्यक्ष देशराज गौतम ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं से पात्र मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 13 करोड़ मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का मुद्दा उठा चुके हैं और पार्टी अब इसे लेकर देशभर में प्रदर्शन कर रही है। गौतम ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में वैध मतदाताओं के नाम सूचियों से हटाए गए और फर्जी नाम जोड़े गए। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के समक्ष कांग्रेस की ओर से कई बार शिकायतें और आपत्तियां दर्ज करवाई गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मतदाता सूचियों की निष्पक्ष जांच करवाने और शिकायतों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
विरोध-प्रदर्शन में इन्होंने भरी हाजिरी
इस अवसर पर बीसीसी चिंतपूर्णी के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र शर्मा, कुटलैहड़ बीसीसी अध्यक्ष विवेक मिंका, डीसीसी के जनरल सेक्रेटरी ऑर्गेनाइजेशन पंकज शर्मा, एसएन शुक्ला उपाध्यक्ष, शादी लाल, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महिला उपाध्यक्ष सीमा शर्मा, संजीव सैनी, शिव सिंह रैणी, सुखविंदर कौर, निशा शर्मा, शिव कुमार सैनी, एडवोकेट ओंकार कपिला, कामरेड जगतराम शर्मा सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
