विनय कुमार की अगवाई में सीएम से मिला प्रतिनिधिमंडल, अस्पताल को बजट की मांग

By: Sep 2nd, 2026 12:02 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के हरिपुरधार में सिविल अस्पताल की घोषणा के बाद भवन निर्माण के लिए बजट, स्टाफ की नियुक्ति की मांग को लेकर क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार की अगवाई में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने सिविल अस्पताल हरिपुरधार की अधिसूचना जारी करने एवं क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।

इस दौरान विनय कुमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष सिविल अस्पताल हरिपुरधार के भवन निर्माण के लिए शीघ्र बजट स्वीकृत करने और अस्पताल के सुचारू संचालन के लिए डाक्टरों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ के आवश्यक पदों को कैबिनेट से शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग को प्रबलता से रखा। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की दोनों मांगों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में बीडीसी के पूर्व चेयरमैन एवं आरटीए सदस्य दिलीप सिंह चौहान, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स बृजराज ठाकुर, पंचायत प्रधान अनिल शर्मा, पंचायत प्रधान ओपी ठाकुर, पंचायत प्रधान जयपाल शर्मा, महासचिव अनिल ठाकुर, ओबीसी सेल अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, बूथ अध्यक्ष दीप राम शर्मा, कमला चौहान, रामचंद्र शर्मा सहित क्षेत्र के कई प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App