दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़, खराब सडक़ों का सवाल उठाने पर खोया आपा
केजरीवाल बोले, ऐसे मंत्री को गिरफ्तार करो
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
दिल्ली सरकार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शुक्रवार को एक सडक़ के निरीक्षण के दौरान युवक को थप्पड़ जड़ दिया। घटना तिलक नगर की है। बताया जा रहा है कि यह घटना आप के विधायक जरनैल सिंह के साथ हुई तीखी बहस के बाद हुई। एक सडक़ के निरीक्षण के दौरान आप के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि प्रवेश वर्मा द्वारा बेहद शर्मनाक और कायरतापूर्ण कदम उठाया गया है। युवक दिल्ली सरकार द्वारा बनाई गई घटिया सडक़ों को बेनकाब करते हुए वीडियो बना रहा था और मंत्री ने उसेथप्पड़ मार दिया। सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि पुलिस सुरक्षा गार्ड को हटा कर देखिए, फिर देखते हैं कि आप वास्तव में कितने मजबूत हैं। फिर इस युवा से तुम्हारा सामना करवाते हैं। उधर, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की है। केजरीवाल ने एक्स पर लिखा कि सडक़ निर्माण में भ्रष्टाचार दिखाने पर मोदी जी के मंत्री ने एक युवक को सरेआम थप्पड़ मारा।
मैं सोमवार को तिलक नगर जाकर इस सडक़ का मुआयना करूंगा। इस मंत्री को गिरफ्तार करो। उधर, पीडि़त ने बताया कि वह आप विधायक का सोशल मीडिया हैंडल संभालता है। पीडब्ल्यूडी विभाग के बुलाने पर ही हम सडक़ की हालत देखने आए थे। मैंने उन्हें इस दौरान दिखाया कि सडक़ की क्या हालत है और कैसे टूट रही है, तो उनसे वह चीज झेली नहीं गई। उन्होंने मेरे ऊपर हाथ उठाया और उनके जो साथी थे, उन्होंने जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस भी वहां मौजूद थी और ये सब उनकी मौजूदगी में हुआ है। पीडि़त युवक ने आगे कहा कि उन्हें (मंत्री) को मांफी मांगनी चाहिए और जो भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो, वह की जानी चाहिए। हम सिर्फ दावे नहीं कर रहे हैं, बल्कि वीडियो सबूत मौजूद हैं। हमने एफआईआर दर्ज करवा दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
