उत्तर भारत में बढ़ेगा डायग्नोस्टिक्स नेटवर्क, महाजन इमेजिंग एंड लैब्स और न्यूबर्ग में साझेदारी
नई दिल्ली। उत्तर भारत में तीन दशक से अधिक समय से डायग्नोस्टिक सेवाएं दे रहे महाजन इमेजिंग एंड लैब्स ने पैथोलॉजी और वेलनेस सेवाओं के विस्तार के लिए न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के साथ रणनीतिक संयुक्त उद्यम (ज्वाइंट वेंचर) साझेदारी की है। इस साझेदारी का उद्देश्य रेडियोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन, पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स को एकीकृत करते हुए मरीजों को व्यापक डायग्नोस्टिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। महाजन इमेजिंग एंड लैब्स को एडवांस्ड इमेजिंग, न्यूक्लियर मेडिसिन, पीईटी-सीटी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। दिल्ली-एनसीआर और जयपुर में उसकी मजबूत उपस्थिति है। वहीं, न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स का भारत के अलावा यूएई, दक्षिण अफ्रीका और अमेरिका सहित कई बाजारों में नेटवर्क है।
पैथोलॉजी और जीनोमिक्स सेवाओं का होगा विस्तार
साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां पैथोलॉजी, जीनोमिक्स, मेटाबोलोमिक्स, प्रोटिओमिक्स और मॉलिक्यूलर पैथोलॉजी जैसी आधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाओं को मजबूत करने पर काम करेंगी। इसका उद्देश्य एक ऐसा एकीकृत डायग्नोस्टिक प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां इमेजिंग, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स से मिलने वाली जानकारी को बेहतर तरीके से जोडक़र क्लिनिकल निर्णय लेने में मदद मिल सके। महाजन इमेजिंग एंड लैब्स उत्तर भारत में न्यूबर्ग के विशेष साझेदार के रूप में काम करेगा। कंपनी नोएडा, लखनऊ और जम्मू स्थित न्यूबर्ग की मौजूदा लैब्स के कारोबार को अपने अधीन लेगी। इसके अलावा उत्तर भारत के नए भौगोलिक क्षेत्रों में विस्तार की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
सात राज्यों में विस्तार की योजना
इस साझेदारी के जरिए महाजन इमेजिंग एंड लैब्स को उत्तर भारत के सात राज्यों में अपनी मौजूदगी और सेवाओं के विस्तार का अवसर मिलेगा। कंपनी का फोकस लैबोरेटरी इंफ्रास्ट्रक्चर, सैंपल कलेक्शन, सैंपल लॉजिस्टिक्स और एडवांस्ड टेस्टिंग क्षमताओं को मजबूत करने पर रहेगा। महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के सीईओ कबीर महाजन संयुक्त उद्यम के संचालन और विकास की जिम्मेदारी संभालेंगे।
डायग्नोस्टिक्स क्षेत्र में प्रिसिजन टेस्टिंग की मांग
भारत का संगठित डायग्नोस्टिक्स सेक्टर अब पारंपरिक टेस्टिंग से आगे बढक़र प्रिवेंटिव, स्पेशलाइज्ड और प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स की ओर तेजी से बढ़ रहा है। आईसीआरए के अनुमान के अनुसार संगठित डायग्नोस्टिक कंपनियों का राजस्व वित्त वर्ष 2027 में 12 से 14 प्रतिशत तक बढ़ सकता है। वेलनेस टेस्टिंग, विशेषीकृत सेवाओं और गैर-महानगरीय शहरों में बढ़ती पहुंच को इस वृद्धि का प्रमुख आधार माना जा रहा है।
क्या बोले न्यूबर्ग के डॉ. जीएसके वेलु
न्यूबर्ग डायग्नोस्टिक्स के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉ. जी.एस.के. वेलु ने कहा कि महाजन इमेजिंग एंड लैब्स की 35 वर्षों से अधिक की विरासत और उत्तर भारत में मजबूत क्लिनिकल मौजूदगी उसे न्यूबर्ग के लिए स्वाभाविक साझेदार बनाती है। उन्होंने कहा कि साझेदारी के जरिए पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और वेलनेस क्षमताओं के साथ आईटी एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मजबूत किया जाएगा।
डायग्नोस्टिक्स का भविष्य एकीकृत सेवाओं में
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के संस्थापक और चेयरमैन डॉ. हर्ष महाजन ने कहा कि आज रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और जीनोमिक्स को अलग-अलग देखने के बजाय इनसे मिलने वाली जानकारी को एक साथ समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि न्यूबर्ग के साथ साझेदारी से कंपनी अपनी मौजूदा पैथोलॉजी और जीनोमिक्स क्षमताओं को इंफ्रास्ट्रक्चर और विशेषज्ञता के माध्यम से तेजी से आगे बढ़ा सकेगी।
एआई और डिजिटल तकनीक पर भी रहेगा जोर
सीईओ कबीर महाजन ने कहा कि साझेदारी के अगले चरण में पैथोलॉजी, जीनोमिक्स और वेलनेस सेवाओं को मजबूत करने के साथ डिजिटल सिस्टम को एकीकृत किया जाएगा। नेटवर्क में टर्नअराउंड टाइम सुधारने, रिपोर्टिंग को अधिक विश्वसनीय बनाने और गुणवत्ता नियंत्रण को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता नियंत्रण, वर्कफ्लो मैनेजमेंट और रिपोर्टिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स की 35 वर्षों की विरासत
महाजन इमेजिंग एंड लैब्स एडवांस्ड इमेजिंग, पैथोलॉजी, न्यूक्लियर मेडिसिन और जीनोमिक्स के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव रखता है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर में 16 डायग्नोस्टिक सेंटर और लैबोरेट्री संचालित करती है तथा जयपुर में भी उसकी स्थापित मौजूदगी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
