सुजानपुर चौगान में ‘हरियाली के दुश्मन’, नन्हे पौधों की छाल नोची

By: Sep 13th, 2026 12:53 am

दो दिन में पौधों का खराब हाल, हरियाली बचाने की मुहिम पर सवाल

सिटी रिपोर्टर – सुजानपुर
सुजानपुर चौगान की सुंदरता बढ़ाने और लोगों को तपती गर्मी में राहत देने के लिए लगाए जा रहे छायादार वृक्षों के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। चौगान में स्कूल के बच्चों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता से अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं, ताकि आने वाले समय में ये वृक्ष राहगीरों और चौगान में आने वाले लोगों को ठंडी छांव दे सकें। पीएनबी के समीप चौगान में लगाए गए कुछ छायादार पौधों की हालत देखकर हर किसी का माथा ठनक रहा है।

यहां लगाए गए अर्जुन के कुछ पौधों की छाल किसी ने कथित तौर पर कई जगह से निकाल दी है। महज दो-तीन दिन के भीतर पौधों की ऐसी हालत सामने आने से पौधारोपण अभियान की मेहनत पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से पौधे लगाए जा रहे हैं, उसे समझने की जरूरत है। आज लगाए गए छोटे पौधे भले ही छाया देने की स्थिति में न हों, लेकिन कुछ वर्षों बाद यही वृक्ष सुजानपुर चौगान की खूबसूरती बढ़ाने के साथ लोगों को गर्मी में राहत देने वाले हैं।

नुकसान न पहुंचाने की अपील
वार्ड नंबर-9 की पार्षद मीनाक्षी महाजन ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि चौगान की सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाए गए पौधे पूरे शहर की संपत्ति हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। यदि किसी पौधे के औषधीय उपयोग की जानकारी है, तो भी उसकी छाल निकालकर उसे नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App