भगवान कृष्ण की हर लीला में मानव जीवन के लिए कोई न कोई संदेश अवश्य

By: Sep 2nd, 2026 12:02 am

राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में धूमधाम से मनाया राधा रानी का जन्मोत्सव, प्रवचनों से भक्त निहाल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
श्री राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी महाराज के सानिध्य में चल रही सप्ताहिक श्रीमद भागवत कथा एवं भजन संध्या कार्यक्रम के चौथे दिन कथावाचक गौरदास जी महाराज ने कथा को आगे बढ़ाया। गौरदास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की लीलाओं का किया। कथा स्थल पर राधा रानी का जन्मोत्सव भी श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। गौरदास जी महाराज ने कथा के दौरान बताया कि नंद बाबा और भानु बाबा परम मित्र थे। दोनों ने आपस में वचन दिया था कि यदि एक के घर पुत्र और दूसरे के घर पुत्री का जन्म होगा तो वे आपस में समधी बनेंगे। उन्होंने बताया कि नंद बाबा के यहां भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। इसके बाद भानु बाबा ने प्रभु की तपस्या की और कामना की कि उनके यहां ऐसी कन्या प्रकट हो, जो अपनी भक्ति और सेवा से स्वयं भगवान को भी प्रसन्न कर सके।

महाराजश्री ने बताया कि सनातन परंपरा में कन्या के जन्म को सदैव विशेष महत्व दिया गया है। राजा और भक्त भी अपने घर कन्या के जन्म के लिए तपस्या और प्रार्थना किया करते थे। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में पुत्र और पुत्री दोनों को समान सम्मान और अधिकार दिए गए हैं। कई प्रसंगों में पुत्री को पुत्र से भी अधिक सम्मान प्राप्त है। कथा के दौरान राधा रानी के जन्मोत्सव पर श्रद्धालु भक्ति भाव में झूम उठे। श्रद्धालुओं ने राधा रानी के जयकारे लगाए और भक्ति रस का आनंद लिया। आगे भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए संत श्री गौरदास जी महाराज ने कहा कि भगवान की प्रत्येक लीला में मानव जीवन के लिए कोई न कोई संदेश छिपा हुआ है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने छह दिन की आयु में पूतना राक्षसी का वध किया, जबकि भगवान श्रीराम ने बाल्यकाल में ताडक़ा का वध किया था। इन प्रसंगों को अज्ञानता के अंत का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि अज्ञान दूर करने के बाद ही मनुष्य भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ सकता है। महाराज ने कृष्ण की माखन चोरी की लीला का उल्लेख करते हुए कहा कि पुरानी मटकी तोडक़र भगवान ने संदेश दिया कि संसार की वस्तुओं में अत्यधिक आसक्ति नहीं रखनी चाहिए। मनुष्य की सच्ची आसक्ति भगवान, उनके भक्तों और उनकी सेवा में होनी चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App