हरड़ से तुलसी तक, छात्रों ने जाना औषधीय पौधों का महत्त्व

By: Sep 2nd, 2026 12:01 am

चुवाड़ी कालेज में औषधीय पौधों की पहचान सीख रहे छात्र, बच्चों ने जुटाया ज्ञान

स्टाफ रिपोर्टर-चुवाड़ी
राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी के परिसर में नवस्थापित औषधीय उद्यान में ईको क्लब की ओर से शैक्षणिक एवं जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान ईको क्लब के 25 विद्यार्थियों ने विभिन्न औषधीय पौधों का अध्ययन किया। विद्यार्थियों ने पौधों की सही पहचान के लिए उनके समीप सामान्य नाम, वैज्ञानिक नाम और कुल (फैमिली) की जानकारी वाली नाम पट्टिकाएं स्थापित कीं। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय सिंह पठानिया ने ईको क्लब प्रभारी डॉ. रूप लाल और डॉ. रीना देवी के साथ औषधीय उद्यान का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को औषधीय पौधों के महत्व और इनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया। प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में स्थापित यह उद्यान विद्यार्थियों को पौधों के बारे में प्रत्यक्ष एवं व्यावहारिक ज्ञान उपलब्ध करवाएगा।

विशेष रूप से विज्ञान विषय के विद्यार्थियों के लिए यह उद्यान एक जीवंत प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगा। ईको क्लब प्रभारी डॉ. रूप लाल ने विद्यार्थियों को पौधों की नाम पट्टिकाओं के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पौधों का वैज्ञानिक नामकरण अंतरराष्ट्रीय वनस्पति नामकरण संहिता के नियमों के अनुसार किया जाता है। विद्यार्थियों को पौधों की सही पहचान, वैज्ञानिक नाम और उनके वर्गीकरण के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने नाम पट्टिकाएं स्थापित करने के साथ हरड़, घृतकुमारी, ब्राह्मी और तुलसी सहित विभिन्न औषधीय पौधों का रोपण भी किया। विद्यार्थियों ने औषधीय उद्यान की सफाई कर इसके संरक्षण और नियमित रखरखाव का संदेश दिया। गतिविधि में राहुल, रवि, आकांक्षा, सिमरन, अंकिता, प्रियंका, चांदनी, शिल्पा, वंशिता, तनिका, अंशिता, रिधम पठानिया, प्रगति धीमान, सुहानी, सोनाली, काजल, दीक्षा, मनीता, सुहानी धीमान, पायल, प्रगति, स्मृति, शिफाली और मन्नत सहित 25 विद्यार्थियों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App