जीएवी पब्लिक स्कूल बना कबड्डी चैंपियन

By: Sep 3rd, 2026 12:01 am

न्यू कांगड़ा में अंडर-14 खेलें, नन्हे खिलाडिय़ों ने दिखाया दम, 44 स्कूलों के 462 होनहार भिड़े

जिला संवाददाता- कांगड़ा
पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला न्यू कांगड़ा में आयोजित तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-14 बालक एवं बालिका खेलकूद प्रतियोगिता बुधवार को रंगारंग समारोह के साथ संपन्न हो गई। 31 अगस्त से 2 सितंबर तक चले इस खेल महाकुंभ में 44 स्कूलों के 462 खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। समापन समारोह में विद्यालय के प्रधानाचार्य ललित मोहन ने विजेता और उपविजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी व पदक देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल जीवन में जीत-हार से कहीं अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बालक वर्ग की कबड्डी में जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलोल उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय जलाड़ी ने बाजी मारी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठार रानीताल दूसरे स्थान पर रहा। खो-खो के बालक वर्ग में तियारा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि राजकीय उच्च विद्यालय देहरियां उपविजेता रहा।

बालिका वर्ग में भी एएमपीएस तियारा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए विजेता ट्रॉफी जीती। राजकीय उच्च विद्यालय तकीपुर को दूसरा स्थान मिला। बैडमिंटन के बालक वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय गहलियां विजेता और जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में राजकीय उच्च विद्यालय कोहला ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि रावमापा रजियाणा बांध दूसरे स्थान पर रहा। वॉलीबॉल के बालक वर्ग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रजियाणा 53 मील ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। राजकीय उच्च विद्यालय कुल्थी उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में जीएवी पब्लिक स्कूल कांगड़ा ने पहला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जसाई ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App