HPU से अब सात साल में कर सकेंगे ग्रेजुएशन, BA, बीकॉम-बीएससी के लिए दो वर्ष बढ़ाई अवधि
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल की बैठक में लिया फैसला
स्टाफ रिपोर्टर— शिमला
एचपीयू में पढऩे वाले विद्यार्थियों के लिए अकादमिक काउंसिल ने कई अहम फैसले लिए हैं। अब शैक्षणिक सत्र 2021-22 से आगे के बीए, बीकॉम और बीएससी सहित बैचलर कोर्स की डिग्री पूरी करने के लिए विद्यार्थियों को पांच की बजाय सात वर्ष का समय मिलेगा। इसके अलावा विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल ह्यूमैनिटीज और आपदा जोखिम प्रबंधन जैसे उभरते क्षेत्रों में नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिलने के साथ आधुनिक और रोजगारोन्मुख क्षेत्रों में शिक्षा व शोध के नए अवसर उपलब्ध होंगे। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अकादमिक काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता कुलपति आचार्य प्रो. महावीर सिंह ने की। बैठक में डीन ऑफ स्टडीज प्रो. बीके शिवराम, कुलसचिव ज्योति राणा सहित अकादमिक काउंसिल के अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों में बदलाव और विस्तार को लेकर महत्त्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यूआईटी में बीटेक के सभी पाठ्यक्रमों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शुरू करने को मंजूरी दी गई। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज यूआईएलएस में एक वर्षीय एलएलएम पाठ्यक्रम शुरू करने को मंजूरी दी गई है। एचपीयू रीजनल सेंटर धर्मशाला के मोहली-खनियारा परिसर में भी एक वर्षीय एलएलएम शुरू किया जाएगा। विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड साइबर फिजिकल सिस्टम्स में पीएचडी कार्यक्रम शुरू करने को स्वीकृति दी गई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर सिक्योरिटी में सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए जाएंगे। आधुनिक तकनीक से जुड़े क्षेत्रों में विद्यार्थियों को विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
