वन विभाग की स्पोर्ट्स मीट में हमीरपुर सर्कल चैंपियन, एक हजार खिलाड़ियों ने दिखाया जौहर

By: Sep 13th, 2026 4:55 pm

रामपुर। हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में इस बार हमीरपुर फोरेस्ट सर्कल ओवरऑल चैंपियन बनी, जबकि रामपुर सर्कल की टीम दूसरे स्थान पर रही। तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता के दौरान फोरेस्ट सर्कल हमीरपुर ने अधिकांश इवेंट्स में बाजी मारी। प्रतियोगिता का समापन्न रविवार को हो गया। यहां आयोजित प्रतियोगिता में पुरूष एवं महिला वर्ग की टीमों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। करीब 124 इवेंट्स के तहत 32 खेलों का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य रूप से वॉलीबॉल महिला वर्ग में मंडी, और पुरूष वर्ग में शिमला की टीम चैंपियन बनी। इसी तरह से बास्केटबॉल पुरूष वर्ग में बिलासपुर और महिला वर्ग में हमीरपुर की टीम विजयी रही।

फुटबॉल पुरूष वर्ग में धर्मशाला और कब्बडी पुरूष वर्ग में हमीरपुर ने जीत का डंका बजाया। प्रतियोगिता के समापन्न अवसर पर वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य पारियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने समस्त विजेता टीम एवं व्यक्तिगत खेल के विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के दौरान कर्मचारियों ने स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी की भूमिका निभाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

सीएफ रामपुर ने दी सभी प्रतिभागियों को बधाई

प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार और वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने खेल मैदान में दमखम दिखाने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल में कोई जीतता है तो कोई हारता है। तीनों दिनों तक रामपुर में प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ, जिसके लिए रामपुर सर्कल के समस्त टीम बधाई के पात्र हैं। सीएफ और डीसीएफ रामुपर ने कहा कि सभी प्रतिभागियों ने स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स और डिवोटेड इन ड्यूटी की थीम को बनाए रखते हुए समस्त खिलाड़ियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App