हथिनीकुंड बैराज हादसा: दूसरा शव जींद में बरामद, 45 घंटे बाद तलाश पूरी
यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथिनीकुंड बैराज में नाव पलटने के बाद लापता हुए दूसरे जवान का शव भी बरामद कर लिया गया है। करीब 45 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद जींद में सब्जी मंडी के पीछे पश्चिमी यमुना नहर से शव बरामद होने की सूचना है। शव मिलने के बाद पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। सेना ने हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मंगलवार शाम हथिनीकुंड बैराज पर सेना की नाव अचानक पलट गयी थी। नाव में कुल पांच जवान सवार थे, जिनमें से तीन को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि दो जवान लापता हो गए थे।
हादसे के बाद यमुनानगर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पश्चिमी यमुना नहर से लेकर यमुना नदी तक और हथिनीकुंड बैराज के आसपास करीब 20 किलोमीटर के दायरे में लगातार तलाशी अभियान चलाया गया। इससे पहले कल शाम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गांव बरथा से जवान अजय का शव बरामद हुआ था। दूसरा शव जींद से मिलने की सूचना के साथ ही इस हादसे में लापता दोनों जवानों की तलाश पूरी होने की बात कही जा रही है, सेना की ओर से हालांकि अभी अंतिम पुष्टि आनी बाकी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
