हीराराम का कमाल का हुनर… 17 साल से बना रहे गणपति

By: Sep 13th, 2026 12:54 am

भगेड़ में तैयार हो रहे 150 गजानन; दूर-दूर से पहुंच रहे खरीददार, 300 से 51 हजार रुपए तक कीमत

स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
मिट्टी को आकार देकर भगवान गणेश की आकर्षक प्रतिमाएं गढऩे का हुनर राजस्थान से बिलासपुर पहुंचे हीराराम परिवार की पहचान बन चुका है। 17 वर्ष पहले महज 8-10 प्रतिमाओं से शुरू हुआ सफर अब करीब 150 गणेश प्रतिमाओं तक पहुंच गया है। घुमारवीं उपमंडल के भगेड़ में हीराराम अपने परिवार के साथ महीनों की मेहनत से गणेश चतुर्थी के लिए प्रतिमाएं तैयार कर रहे हैं। इस बार तैयार प्रतिमाओं की कीमत 300 रुपए से लेकर 51 हजार रुपए तक है। खास बात यह है कि अब उनकी बनाई प्रतिमाएं खरीदने के लिए बिलासपुर ही नहीं, बल्कि हमीरपुर, मंडी और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग भगेड़ पहुंच रहे हैं। 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी के पर्व को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। घरों और सार्वजनिक स्थलों पर गणपति की प्रतिमा स्थापित करने के लिए श्रद्धालु ख्ररीदारी कर रहे हैं। ऐसे में भगेड़ में हीराराम के यहां प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने का काम भी जोर-शोर से चल रहा है।

300 रुपए से 51 हजार तक कीमत

हीराराम के यहां छोटे से लेकर बड़े आकार तक की गणेश प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। छोटी प्रतिमाओं की कीमत 300 रुपए से शुरू होती है, जबकि बड़े आकार और विशेष डिजाइन वाली प्रतिमाओं की कीमत 51 हजार रुपए तक है।

चंडीगढ़ जाने की जरूरत नहीं

गणेश प्रतिमा खरीदने पहुंचे विशाल सोनी ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से हीराराम से ही गणेश प्रतिमा खरीदते आ रहे हैं। पहले सुंदर प्रतिमा के लिए चंडीगढ़ तक जाना पड़ता थाए लेकिन अब भगेड़ में ही मनपसंद प्रतिमाएं उपलब्ध हो
जाती हैं।

दूसरे जिलों से भी पहुंच रहे खरीददार

हीराराम के अनुसार अब उनकी बनाई प्रतिमाओं की मांग बिलासपुर तक सीमित नहीं है। हमीरपुर, मंडी समेत आसपास के दूर-दराज क्षेत्रों से भी लोग यहां गणेश प्रतिमाएं खरीदने पहुंचते हैं। स्थानीय स्तर पर सुंदर और विभिन्न आकार की प्रतिमाएं उपलब्ध होने से लोगों को दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ता।

लोगों के बीच बनाई अपनी पहचान

स्थानीय लोगों मंजीत सिंह, कमल महाजन, विमल महाजन, प्रदीप कुमार, नवीन कुमार, शिव कुमार, कुलदीप सिंह और होशियार सिंह ने कहा कि हीराराम और उनका परिवार कई वर्षों से मेहनत के साथ मूर्ति निर्माण में जुटा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App