Himachal News : एशियाई खेलों के पदक विजेताओं को 5.33 करोड़ देगी हिमाचल सरकार
चार कबड्डी खिलाडिय़ों को मिलेंगे 33-33 लाख रुपए
मैराथन में रजत पदक विजेता सावन को 2.50 करोड़ रुपए
कांस्य पदक विजेता चंबा की सीमा को मिलेंगे 1.50 करोड़
सीएम सुक्खू ने कहा, खिलाडिय़ों को बेहतर सुविधाएं देने पर फोकस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में हिमाचल के पदक विजेताओं के लिए 5.33 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला टीम की खिलाड़ी पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। कबड्डी खिलाडिय़ों को कुल 1.33 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। वहीं पुरुषों की मैराथन प्रतियोगिता में रजत पदक विजेता सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक विजेता सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रदेश सरकार ने पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। प्रदेश से बाहर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के लिए यात्रा संबंधी सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले खिलाडिय़ों को एसी 3-टियर ट्रेन का किराया दिया जा रहा है, जबकि 200 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले खिलाड़ी हवाई यात्रा में इकॉनोमी क्लास टिकट के लिए पात्र हैं। प्रदेश सरकार का फोकस खिलाडिय़ों को बेहतरीन सुविधाएं देने पर है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
