बड़े पर्दे पर आएगी हिमाचल की फिल्म ‘खूंटा’, 18 सितंबर को रिलीज होगी शिलाई की अनुशी शर्मा की मूवी

By: Sep 5th, 2026 9:51 pm

निजी संवाददाता— शिलाई

सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र की संस्कृति, देव आस्था और पहाड़ी जीवन की कहानी अब देश भर के बड़े पर्दे पर नजर आएगी। शिलाई क्षेत्र से संबंध रखने वाली युवा फिल्मकार अनुशी शर्मा की लिखित, निर्देशित और अभिनीत फिल्म ‘खूंटा’ 18 सितंबर को देश भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। ‘खूंटा’ हिमाचल से कान्स तक पहुंचने वाली पहली फिल्मों में शामिल है। फिल्म की कहानी गिरिपार के एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जहां महासू महाराज के प्रति गहरी देव आस्था, परंपराएं और पहाड़ी समाज का जीवन आपस में जुड़े हुए हैं। फिल्म में आधुनिकता के बढ़ते प्रभाव और कमजोर पड़ती परंपराओं के बीच पहाड़ के लोगों के संघर्ष को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत किया गया है।

फिल्म का शीर्षक ‘खूंटा’ इंसान के अपनी जमीन, जड़ों और पुरखों से जुड़े रिश्ते का प्रतीक है। कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका पति लापता है और वह वर्षों से उसके लौटने का इंतजार कर रही है। हालांकि फिल्म सिर्फ उसके इंतजार की कहानी नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से नदी, प्रकृति, देव संस्कृति, परंपराओं और तेजी से बदलते पहाड़ी समाज के रिश्तों को भी सामने लाया गया है। फिल्म में सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के साथ उत्तराखंड के जौनसार-बावर की खूबसूरत वादियों, रीति-रिवाजों और देव संस्कृति को भी प्रमुखता से दिखाया है।

मई में कान्स फिल्म फेस्टिवल में मिली थी सराहना

‘खूंटा’ का मई, 2026 में कान्स फिल्म मार्केट में प्रदर्शन हो चुका है। फिल्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिली है। इसे लंदन इंडिपेंडेंट फिल्म अवाड्र्स में सर्वश्रेष्ठ विदेशी फीचर फिल्म का सम्मान मिला है। इसके अलावा कोलकाता में इंडियन मूवी अवाड्र्स में फिल्म को बेस्ट इंडियन फीचर फिल्म का पुरस्कार भी प्राप्त हुआ है। शिलाई की बेटी अनुशी शर्मा की इस उपलब्धि से पूरे गिरिपार क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App