न्यूगल में अवैध खनन का खेल, बंद रास्ता खोला

By: Sep 2nd, 2026 12:02 am

मोक्षधाम को खतरा देख हरकत में आई संस्था, खनन के रास्ते पर बिठाया पहरा, जेसीबी से फिर करवाया बंद

निजी संवाददाता-सुलाह
परौर स्थित न्यूगल खड्ड के मोक्षधाम के पास अवैध खनन को लेकर मामला सामने आया है। रेलवे विभाग की ओर से अवैध खनन रोकने के लिए बंद किए गए रास्ते को कथित तौर पर खनन माफिया ने दोबारा खोल दिया। बताया जा रहा है कि रास्ता जेसीबी मशीन की मदद से खोला गया। इससे न्यूगल खड्ड में फिर से अवैध खनन शुरू होने की आशंका बढ़ गई। साथ ही मोक्षधाम को भी नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। कुछ महीने पहले रेलवे विभाग ने खड्ड की ओर जाने वाले रास्ते को बंद किया था। इसका उद्देश्य अवैध खनन पर रोक लगाना था। आरोप है कि खनन माफिया ने जेसीबी लगाकर रास्ता फिर से खोल दिया। रास्ता खुलने की जानकारी राधा कृष्ण संस्था फरेड़ के पदाधिकारियों को मिली। संस्था की ओर से मोक्षधाम में जीर्णोद्धार का कार्य करवाया जा रहा है।

पदाधिकारियों ने तुरंत ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया। इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पंचायत प्रधान अरविंद समकडिय़ा भी पहुंचे। उनके साथ उपप्रधान, वार्ड सदस्य सुशील चौधरी और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। संस्था के प्रतिनिधियों ने पंचायत को रास्ता दोबारा खोले जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे मोक्षधाम को नुकसान पहुंचने की आशंका है। संस्था ने कहा कि एक ओर मोक्षधाम का जीर्णोद्धार चल रहा है। वहीं दूसरी ओर रास्ता खोलकर अवैध खनन का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद संस्था ने पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जेसीबी बुलवाई। जेसीबी की मदद से रास्ते को दोबारा बंद करवा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने संस्था के प्रयास की सराहना की। संस्था के प्रधान ओंकार चंद ने रास्ता दोबारा खोलने वालों को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रयास करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

न्यूगल में अवैध खनन से दलित बस्ती के लोगों में रोष
सुलाह। सुलाह की ग्राम पंचायत कुरल में न्यूगल खड्ड के पुल के पास अवैध खनन का मामला सामने आया है। सरकारी जमीन पर जेसीबी से कथित तौर पर अवैध खनन किए जाने से दलित बस्ती के लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों ने सोमवार को एसडीएम पालमपुर को शिकायत पत्र सौंपा। शिकायत के अनुसार करीब 30 लोगों ने जेसीबी लगाकर जमीन को समतल करने का प्रयास किया। लोगों का दावा है कि खनन सरकारी भूमि खसरा नंबर 420/8 में किया जा रहा था। बस्तीवासियों ने अवैध खनन से घरों को खतरा पैदा होने की आशंका जताई है। विरोध करने पर धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे लोगों में दहशत है। एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव ने मामले की जांच के लिए खनन अधिकारी को रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App