तीरंदाजी में भारत का दमदार प्रदर्शन, चारों कंपाउंड-रिकर्व टीमें सेमीफाइनल में, सर्फिंग में भी बढ़े कदम

By: Sep 28th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— आइची नागोया

भारत ने एशियन गेम्स की तीरंदाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों के साथ मिक्स्ड रिकर्व और कंपाउंड टीमों में भी सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, सर्फिंग में भी तीन भारतीय खिलाडिय़ों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। कंपाउंड मिक्स्ड टीम में चिकिथा तानिपार्थी और साहिल जाधव ने राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया को 160-146 से हराया। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 159-154 से मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। रिकर्व मिक्स्ड टीम में धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोद ने भी शानदार प्रदर्शन किया।

भारतीय जोड़ी ने राउंड ऑफ 16 में यूएई को 6-0 से हराया और फिर क्वार्टर फाइनल में वियतनाम को भी 6-0 से शिकस्त देकर अंतिम चार में प्रवेश किया। वहीं, भारत की पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों ने भी सेमीफाइनल में जगह पक्की की। ज्योति सुरेखा, चिकिथा और पृथिका प्रदीप की महिला टीम ने क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान को 233-230 से हराया। इससे पहले भारतीय टीम ने राउंड ऑफ 16 में मंगोलिया को 238-223 से शिकस्त दी थी। मेडल राउंड 30 सितंबर को खेले जाएंगे।

सर्फिंग में भारतीयों ने दिखाया दम

सर्फिंग में शुगर शांति गायेन और कमली प्रकाश ने महिलाओं के शॉर्टबोर्ड इवेंट में अपनी-अपनी हीट जीतकर राउंड-3 में जगह बनाई। शुगर शांति ने 7.33 का स्कोर करके चीनी ताइपे की चेन वान-यू को हराया, जिन्होंने 5.40 का स्कोर किया। वहीं, कमली प्रकाश ने 7.57 का स्कोर बनाकर सिंगापुर की कैमिली मैरी स्पैकारोटेला को पछाड़ा, जिन्होंने 4.50 का स्कोर किया। शिवराज बाबू ने भी राउंड-3 में जगह बनाई। उन्होंने दो वेव में कुल 8.96 का स्कोर करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी दावूद खादिर को हराया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App