नालागढ़ में 154 करोड़ से बनेगा औद्योगिक पार्क, केंद्रीय टीम ने 150 एकड़ जमीन का किया निरीक्षण

By: Sep 15th, 2026 12:12 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नालागढ़

हिमाचल में औद्योगिक विस्तार और नए निवेश को आकर्षित करने की प्रदेश सरकार की कवायद अब जमीन पर आगे बढ़ती नजर आ रही है। नालागढ़ के मंझोली में करीब 154.39 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की दिशा में अहम प्रगति हुई है। केंद्र सरकार की टीम ने पार्क के लिए चयनित करीब 150 एकड़ भूमि का मौके पर निरीक्षण किया, जिसे प्रारंभिक जांच में परियोजना के लिए उपयुक्त पाया गया है। केंद्र की मंजूरी मिलने पर यह पार्क बीबीएन के औद्योगिक विस्तार को नई रफ्तार देने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकता है। प्रस्तावित पार्क को केंद्र सरकार की भारत औद्योगिक विकास योजना ‘भव्य’ के तहत विकसित करने की तैयारी है।

प्रदेश सरकार मंझोली के अलावा ऊना जिले के बीटन में करीब 75 एकड़ भूमि पर लगभग 80 करोड़ रुपए की लागत से औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव भी केंद्र को भेज चुकी है। मंझोली में प्रस्तावित पार्क में सडक़, बिजली, पानी, ड्रेनेज सहित आधुनिक औद्योगिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत निवेशकों को तैयार बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना हैे। प्रदेश सरकार हिमाचल में कुल चार औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। मंझोली और बीटन के प्रस्ताव केंद्र को भेजे जा चुके हैं।

निवेश बढ़ेगा, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार

उद्योग विभाग के सदस्य सचिव विनीत ने बताया कि केंद्रीय टीम ने मंझोली में प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण कर इसकी फिजिबिलिटी का जायजा लिया है। प्रारंभिक स्तर पर भूमि परियोजना के लिए उपयुक्त पाई गई है। केंद्र से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया को गति दी जाएगी। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश से दो औद्योगिक पार्कों की स्वीकृति के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजे जा चुके हैंए जबकि दो अन्य प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इन औद्योगिक पार्कों के विकसित होने से प्रदेश में निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App