सुविधाओं के अभाव में हिमाचल से पलायन को मजबूर हो रहे उद्योग, अनुराग बोले, महंगी बिजली, बदहाल सड़कें रोक रहीं निवेश
बोले—महंगी बिजली, बदहाल सड़कें और धारा 118 की लंबित फाइलें रोक रहीं निवेश
विपिन शर्मा बद्दी :
बद्दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल की औद्योगिक स्थिति को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि उद्योगों को पर्याप्त सुविधाएं और अनुकूल माहौल नहीं मिलने से प्रदेश में नया निवेश प्रभावित हो रहा है, जबकि पुराने उद्योग भी यहां से पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि उद्योगों के बंद होने और पलायन का सिलसिला बढ़ा तो इसका सीधा असर प्रदेश में निवेश और रोजगार के अवसरों पर पड़ेगा। अनुराग ठाकुर गुरुवार को दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी में एक व्यापारिक प्रतिष्ठान के शुभारंभ के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हिमाचल को विशेष औद्योगिक पैकेज मिलने के बाद प्रदेश में तेजी से औद्योगीकरण हुआ। इसके बाद प्रेम कुमार धूमल और जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकारों ने भी उद्योगों को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए। उन्होंने कहा कि सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर सीमित हैं, इसलिए निजी क्षेत्र का विस्तार बेहद जरूरी है। प्रदेश में उद्योगों का संरक्षण और संवर्धन होगा तभी युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अधिक अवसर मिल सकेंगे।
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि वर्तमान प्रदेश सरकार उद्योगों को न तो पर्याप्त रियायत दे पा रही है और न ही नया निवेश आकर्षित कर पा रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकारों के दौरान उद्योगों को सस्ती और प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली उपलब्ध करवाने के प्रयास किए गए, जबकि अब बिजली दरों में बढ़ोतरी से उद्योगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। ठाकुर ने कहा कि खराब सड़कों के कारण उद्यमियों और कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। उद्योगपतियों का समय उत्पादन और उद्योगों के विस्तार में लगना चाहिए, लेकिन उन्हें काफी समय सड़कों पर सफर में बिताना पड़ रहा है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि धारा 118 से जुड़े कई मामले लंबे समय तक लंबित रहते हैं, जिससे निवेशकों को परेशानी होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए निवेश को आकर्षित करने के लिए उद्योग विभाग की स्पष्ट और प्रभावी नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के माध्यम से उद्योगों को नोटिस देकर सीधे बंद करवाना उचित नहीं है। यदि किसी उद्योग में कोई कमी पाई जाती है तो उसे दो से तीन महीने का समय देकर सुधार का अवसर दिया जाना चाहिए। किसी उद्योग को स्थापित करने में वर्षों का समय और बड़ा निवेश लगता है, इसलिए जहां सुधार संभव हो वहां उद्योग को मौका मिलना चाहिए।
अनुराग ठाकुर ने बल्क ड्रग पार्क और नालागढ़ मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल को फार्मा हब के रूप में मजबूत करने के लिए बड़ी परियोजनाएं दीं, लेकिन प्रदेश सरकार इन्हें अपेक्षित गति नहीं दे पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि नालागढ़ मेडिकल डिवाइस पार्क का काम भी वित्तीय और नीतिगत कारणों से प्रभावित हुआ है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं जसवां-परागपुर के विधायक विक्रम ठाकुर, नाचन के विधायक विनोद कुमार, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, पूर्व विधायक केएल ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, लखविंद्र राणा और विनोद चंदेल सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार की विदाई तय, अगली सरकार भाजपा की : अनुराग ठाकुर।
बद्दी। हमीरपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए दावा किया कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार की विदाई तय है और अगली सरकार भाजपा की बनेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों से कर्मचारी, किसान, युवा, व्यापारी और उद्योग जगत सहित हर वर्ग परेशान है। चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किए जाने से लोगों में निराशा बढ़ी है और प्रदेश की जनता आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता विकास विरोधी कांग्रेस सरकार के कामकाज को देख रही है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बदलाव को लेकर माहौल बन रहा है और भाजपा जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
इससे पहले सडोली स्थित होटल में पहुंचने पर अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम स्थल पर जमावड़ा लगा रहा। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सांसद का फूलमालाओं के साथ अभिनंदन किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
