घुमारवीं के जगदीश को तीसरी बार राष्ट्रपति पदक
चुवाड़ी गांव के डिप्टी कमांडेंट ने वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा से रोशन किया बिलासपुर का नाम
स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
घुमारवीं उपमंडल की दकड़ी पंचायत के चुवाड़ी गांव निवासी एवं एसएसबी के अतिरिक्त प्रशिक्षण केंद्र सराहन में तैनात डिप्टी कमांडेंट जगदीश कुमार को वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए तीसरी बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पहली सितंबर को आयोजित समारोह में उन्हें राष्ट्रपति पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
जगदीश कुमार ने जम्मू-कश्मीर के डोडा-किश्तवाड़ तथा बिहार के नक्सल प्रभावित अति संवेदनशील क्षेत्रों में तैनाती के दौरान उग्रवाद विरोधी अभियानों में अदम्य साहस, रणनीतिक दक्षता और प्रभावी नेतृत्व का परिचय दिया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने विभिन्न अभियानों के दौरान हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री बरामद करने में महत्त्वपूर्ण सफलता हासिल की। उन्हें गोल्डन डिस्क, कठिन सेवा पदक, भारतीय पुलिस पदक, डीजी गोल्डन डिस्क, आंतरिक सुरक्षा पदक और गैलेंट्री अवॉर्ड सहित कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। तीसरी बार राष्ट्रपति पदक मिलना उनकी दीर्घकालीन उत्कृष्ट सेवाए कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
जश्न का माहौल
जगदीश कुमार की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव चुवाड़ी सहित घुमारवीं और पूरे बिलासपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
