कल्लर स्कूल के खिलाडिय़ों ने गाड़ा जीत का झंडा
वालीबाल और मार्चपास्ट में चैंपियन, कबड्डी में उपविजेता
निजी संवाददाता – बरठीं
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मरहाणा में 29 से 31 अगस्त तक आयोजित अंडर-14 घुमारवीं-1 जोन स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय कल्लर के खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद विद्यालय पहुंचने पर खिलाडिय़ों का शिक्षकों एवं पाठशाला प्रबंधन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
राजकीय उच्च विद्यालय कल्लर के कार्यवाहक मुख्याध्यापक राकेश चौधरी ने बताया कि विद्यालय के खिलाडिय़ों ने कबड्डी, वालीबाल, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती तथा मार्च पास्ट सहित विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। वॉलीबॉल में कल्लर विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि कबड्डी में टीम उपविजेता रही। खो-खो और बैडमिंटन की टीमों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। मार्चपास्ट में भी कल्लर विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। कुश्ती की 52 किलोग्राम भार वर्ग में आयुष शर्मा ने स्वर्ण पदक, जबकि 35 किलोग्राम भार वर्ग में अरशद मोहम्मद अब्बास ने रजत पदक प्राप्त किया।
जिला स्तर पर दिखाएंगे दम
शारीरिक शिक्षा शिक्षक सुशील कुमार ने बताया कि विद्यालय के आठ खिलाडिय़ों का चयन जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जिसका आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहल में किया जाएगा।
खेल मैदान में कल्लर का जलवा
विद्यालय के कार्यवाहक मुख्याध्यापक राकेश चौधरी सहित समस्त शिक्षकों और पाठशाला प्रबंधन समिति ने विजेता एवं उपविजेता खिलाडिय़ों को बधाई दी तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
