Kia की पहली हाइब्रिड SUV सोरेंटो भारत में लांच, 10 एयरबैग और AI असिस्टेंट से लैस
नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई कार कंपनी किआ कॉर्पोरेशन ने शुक्रवार को सोरेंटो को भारतीय बाजार में पेश किया जिसमें रियल टाइम जेनरेटिव एआई जैसे कई फीचर पहली बार शामिल किए गए हैं। सोरेंटो को हाइब्रिड (एचईवी) और डीजल इंजन के विकल्प के साथ पेश किया गया है। डीजल इंजन वाले मॉडल की कीमत 27.99 लाख रुपये से 38.89 लाख रुपये तक और हाइब्रिड इंजन वाले मॉडल की कीमत 29.49 लाख रुपए से 40.39 लाख रुपए तक रखी गई है।
किआ की भारतीय इकाई किया इंडिया घरेलू बाजार के लिए सोरेंटो का उत्पादन आंध्र प्रदेश के अनंतपुर स्थित अपने संयंत्र में कर रही है। यह देश में किआ की पहली हाइब्रिड एसयूवी है। इसके कंपनी भारत में प्रीमियम थ्री-रो एसयूवी में पहली बार प्रवेश कर रही है। इसे छह सीटर और सात सीटर के वैकल्पिक कॉन्फिग्रेशन में पेश किया गया है।
किआ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी ग्वांगू ली ने यहां आयोजित लॉन्चिंग कार्यक्रम में बताया कि सोरेंटो को भारतीय ग्राहकों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह दुनिया में कहीं भी पेश किये गये सोरेंटो का सबसे आधुनिक संस्करण है। सोरेंटो में 10 एयर बैग दिये गये हैं। श्री ली ने दावा किया कि इसे इस तरह बनाया गया है कि यह दुनिया के अधिकतर सुरक्षा मानकों से आगे है। दुनिया में कहीं भी पहली बार सोरेंटों में एआई एसिस्टेंट फीचर दिया गया है।
किया इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (बिक्री एवं विपणन) अतुल सून ने बताया कि सोरेंटो की लंबाई 4.8 मीटर और व्हील बेस 2.8 मीटर है। इसकी चौड़ाई 1.9 मीटर और ऊंचाई 1.78 मीटर है। यह आठ रंगों में उपलब्ध होगा। इसके अलावा कंपनी ने कार्निवल का हाइब्रिड मॉडल और केरेन्स क्लेविस का सीएनजी मॉडल भी पेश किया। सिरॉस का फ्लेक्स फ्यूल कॉन्सेप्ट मॉडल भी पेश किया गया जो ई100 तक किसी भी अनुपात में एथेनॉल-पेट्रोल मिश्रण पर चल सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
