संस्कृत के श्लोकों से गूंजा किड्स इंटरनेशनल स्कूल
दस दिन संस्कृत संग छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, निखरा आत्मविश्वास
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
किड्स इंटरनेशनल स्कूल सुल्तानपुर में संस्कृत भारती के सहयोग से आयोजित दस दिवसीय संस्कृत शिविर का सोमवार को समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि पैदा करने के साथ उन्हें सरल एवं व्यवहारिक संस्कृत बोलने के लिए प्रेरित करना और भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान-परंपरा से जोडऩा रहा। समापन समारोह में संस्कृत साहित्याचार्य एवं सेवानिवृत्त प्राध्यापक रघुवीर शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। संस्कृत भारती से नमन और एनएफसीआई चंबा से सुदर्शन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य कंचन शर्मा और चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। समारोह में विद्यार्थियों ने संस्कृत भाषा में विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा और शिविर के दौरान अर्जित ज्ञान का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों के शुद्ध उच्चारण, आत्मविश्वास और संस्कृत के सहज प्रयोग ने अतिथियों एवं शिक्षकों को प्रभावित किया। अतिथियों ने कहा कि संस्कृत केवल प्राचीन ग्रंथों की भाषा नहीं, बल्कि सरल, मधुर और व्यवहार में प्रयोग की जा सकने वाली समृद्ध भाषा है। मुख्यातिथि रघुवीर शर्मा ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए संस्कृत को भारतीय संस्कृति, संस्कारों और ज्ञान-विज्ञान की अमूल्य धरोहर बताया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
