मारुति की कारों पर फिर महंगाई की मार, इसी महीने से चुनिंदा मॉडल होंगे महंगे
नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने इसी महीने से चुनिंदा मॉडलों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजारों को बताया कि वह सितंबर 2026 में चुनिंदा मॉडलों की कीमतों में 20 हजार रुपए तक की वृद्धि करेगी। हालांकि उसने उन मॉडलों के नाम का खुलासा नहीं किया है जिनके दाम बढ़ाए जाएंगे। साथ ही उसने यह भी नहीं बताया है कि किस निश्चित तारीख से दाम बढ़ेंगे।
कंपनी का कहना है कि उसने महंगाई के दबाव के कारण दाम बढ़ाने का फैसला किया है। उसने कहा, “पिछले कुछ महीनों से कंपनी लागत में हुई वृद्धि के प्रभाव को यथासंभव कम करने के लिए लागत में कटौती के विभिन्न उपाय कर रही है। हालांकि, महंगाई का दबाव उच्च स्तर पर बना हुआ है और प्रतिकूल लागत परिस्थितियां भी जारी हैं। ऐसे में कंपनी बढ़ी हुई लागत के एक हिस्से को बाजार में स्थानांतरित करने के लिए बाध्य है।”
मारुति सुजुकी ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करना जारी रखेगी कि ग्राहकों पर यथासंभव कम से कम प्रभाव पड़े। कंपनी ने इससे पहले अगस्त में भी अपने सभी यात्री वाहनों के दाम 2,500 रुपये से 30,000 रुपये तक बढ़ाये थे। उस समय भी उसने ऊंची मुद्रास्फीति और बढ़ती लागत का हवाला दिया था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
