गुग्गा मेले में लग रहा भारी जाम, लोग परेशान
यातायात व्यवस्था चरमराई, गुग्गा मंदिर मार्ग तंग होने से आ रही परेशानी, समस्या से मांगी राहत
निजी संवाददाता-भगेड़
श्री गुग्गा जाहर वीर मंदिर गेहड़वी में चल रहे आठ दिवसीय मेले के दौरान मंदिर मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मार्ग संकीर्ण होने के कारण यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है,ेे जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गेहड़वीं से गुग्गा मंदिर तक जाने वाली सडक़ कई स्थानों पर इतनी संकरी है कि दो गाडिय़ों को एक-दूसरे को पास देने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे और वाहनों की आवाजाही अधिक होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।
कई बार वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं तथा लोगों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की संख्या काफी बढ़ जाती है, लेकिन सडक़ की चौड़ाई पर्याप्त न होने के कारण यातायात संचालन में दिक्कतें आती हैं। इससे पैदल आने.जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी होती है। लोगों ने प्रशासन से मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस एवं होमगार्ड की तैनाती, वन-वे व्यवस्था तथा वाहनों के लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
