बदल रहा है नादौन शहर, मिली बड़ी सौगात, अनूठे रूप में सजा 5 मंजिला परिसर, स्पोर्ट्स का है हाई-टेक हब
हमीरपुर जिला का खूबसूरत शहर नादौन, जहाँ इतिहास की परागाथाएँ हवाओं में घुलती हैं, वहाँ अब विकास का शंखनाद हुआ है। क्यूंकि नादौन की इस धरती पर अब हुनर गूंजेगा, सीने ताने खड़ा प्रदेश का सबसे बड़ा इंडोर स्टेडियम, जो बताता है कि नादौन सिर्फ ठहरने की जगह नहीं, अब इतिहास रचने का नया स्थान है! नादौन शहर की भव्यता और सुन्दरता में अब विकास के नए अध्याय जुड़ने जा रहे हैं। नादौन शहर अब बदल रहा है। जिस एतिहासिक शहर की सुंदरता और खुशहाली का गुरु गोबिन्द सिंह, बुल्ले शाह सहित प्रसिद्ध कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं में जिक्र किया है जिसका वर्णन कई पौराणिक ग्रंथों में है उसी शहर की भव्यता को सुदृढ़ करने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू आगे बढ़ रहे हैं। नादौन बस अड्डा के पास प्रदेश का प्रथम सबसे बड़ा बहुउद्देशीय खेल परिसर भवन आने वाले समय में यहां आने वालों के लिए प्रमुख आकर्षण का केन्द्र बनने जा रहा है। लोकार्पण से पूर्व यहां तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आगामी नवम्बर माह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह इसे प्रदेश को समर्पित करेंगे और इसी माह यहां एक बड़ी प्रतियोगिता के आयोजन की भी संभावना है। इसके निर्माण से यहां खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। आज यह परिसर अपनी विशेषताओं से युक्त होकर देश विदेश के खेल मानचित्र पर नई इबारत लिखने को तैयार है। तो आइए जानते हैं— नादौन का ये नया इंडोर स्टेडियम हमारे खिलाड़ियों और प्रदेश के लिए कैसे खास है!”
इस पांच मंजिला भवन की बाहरी साज सज्जा का कार्य चल रहा है। अपनी संस्कृति का ध्यान रखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस गोलाकार भवन के ऊपरी भाग को हिमाचली टोपी के रंग में चारों ओर रंगा जा रहा है जबकि सबसे नीचे बाहर की दीवार पर प्रदेश के प्रसिद्ध मंदिरों को दर्शाया जाएगा। करीब 42 कनाल भूमि में बन रहे इस इंडोर स्टेडियम में बेसमेंट और भू तल सहित अन्य तीन मंजिलें हैं जबकि चौथी मंजिल टेरेस पर भी एक हॉल और शौचालय बनाए गए हैं। इस परिसर में 14 से भी अधिक खेलों का आयोजन होगा। परिसर की बेसमेंट में 10 मीटर तक शूटिंग रेंज, स्टोर रूम, लॉकर शौचालय कंट्रोल रूम तथा रिसेप्शन बनाए गए हैं।
यहां कुल दस लेन बनाई गई हैं। भूतल पर मुख्य रिसेप्शन, कैफेटेरिया, चेंजिंग रूम, आगंतुक कक्ष, दर्शक दीर्घा, और स्विमिंग पूल बनाया गया है यह पूल ऑल वेदर फ्रेंडली है और इसमें आठ लेन बनाई गई हैं इसकी लंबाई चौड़ाई 21 और 25 मीटर है। प्रथम तल पर ठहरने के लिए 16 कमरे, दो वीआई पी कमरे, भोजन कक्ष, जिम, मैडीकल रूम, कोच रूम, आई टी कंट्रोल रूम सहित अन्य कमरे बनाए गए हैं। द्वितीय तल पर बहुउद्देशीय हाल, जहां पर कुश्ती, टेबल टेनिस, योगा, बॉक्सिंग, कबड्डी, तलवारबाजी सहित किसी भी प्रकार की अन्य इनडोर गेम का आयोजन हो सकता है। तीसरी मंजिल पर विभिन्न खेलों के लिए कोर्ट का प्रावधान किया गया है यहां बैडमिंटन के चार, बास्केटबाल के दो कोर्ट तथा वॉलीबॉल सहित इस तरह के अन्य खेलों का आयोजन होगा। इसके अलावा दर्शक दीर्घा है। अंतिम मंजिल पर एक हॉल तथा शौचालय बनाए गए हैं। जहां जहां खेलों का आयोजन होगा वहां लॉकर तथा शौचालय की सुविधा है। परिसर के निकट लड़कियों के लिए हॉस्टल बन रहा है जबकि लड़कों के लिए भी अलग से हॉस्टल का प्रावधान है। इस भवन परिसर को अंदर से इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यहां करीब हर प्रकार की अधिकांश इनडोर खेलों का आयोजन किया जा सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
