एक दशक बाद तैयार हुआ सीएचसी नौहराधार का नया भवन

By: Sep 19th, 2026 12:55 am

अस्पताल में 30 बेड के साथ एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष और ऑपरेशन थिएटर की मिलेगी सुविधा

निजी संवाददाता-नौहराधार
करीब एक दशक के लंबे इंतजार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौहराधार का नवनिर्मित भवन तैयार हो गया है। 23 सितंबर को विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार नए भवन का उद्घाटन करेंगे। भवन के शुरू होने से नौहराधार क्षेत्र सहित करीब 18 पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। पुराने भवन में मरीजों के लिए केवल दो बेड की व्यवस्था थी, जिसके चलते अधिक मरीज आने पर परेशानी होती थी। गंभीर मरीजों को राजगढ़, सोलन सहित अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था। नए भवन में 30 बेड की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, बीएमओ कार्यालय, जनरल ओपीडी, प्रयोगशाला, फार्मासिस्ट कक्ष, नेत्र जांच कक्ष, क्लर्क कक्ष और मीटिंग हॉल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों और स्टाफ की सुविधा के लिए लिफ्ट भी लगाई गई है। अलग-अलग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कमरों की व्यवस्था होने से मरीजों को पहले की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

लोगों ने खाली पदों को भरने की उठाई मांग नए भवन के उद्घाटन से क्षेत्रवासियों में खुशी है, लेकिन लोगों की नजर अब अस्पताल में चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती पर है। सीएचसी में चिकित्सकों के चार पद स्वीकृत हैं, जिनमें से दो रिक्त बताए जा रहे हैं। फार्मासिस्ट के दो और हेल्थ सुपरवाइजर का एक पद भी खाली है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि पर्याप्त चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, तकनीकी कर्मचारी, दवाइयां और आवश्यक उपकरण उपलब्ध होने पर ही नए भवन का पूरा लाभ मरीजों को मिल सकेगा। लोगों ने उद्घाटन के साथ ही स्वीकृत पदों को भरने की मांग की है। नौहराधार दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है, जहां आसपास की करीब 18 पंचायतों से लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। नए भवन में पर्याप्त सुविधाएं संचालित होने से सामान्य उपचार के साथ कई आपातकालीन मामलों में भी स्थानीय स्तर पर राहत मिलने की उम्मीद है। इससे मरीजों को बार-बार राजगढ़ और सोलन रेफर करने की जरूरत कम हो सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App